Campus Boom.
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मिडिल सेक्शन के विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी की प्रिय रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की मधुर प्रस्तुति से विद्यालय परिसर का वातावरण शांत, आध्यात्मिक और भावपूर्ण हो गया।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पुष्पांजलि अर्पित कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का प्रतीक है। उनके विचार आज भी युवा पीढ़ी को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विद्यार्थियों के लिए इन महान विभूतियों के जीवन-मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को सत्य, अहिंसा, शांति, सादगी तथा निःस्वार्थ सेवा जैसे जीवन-मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।


