Campus Boom.
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता ‘एक्सीलेंसिया 2K26’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘माइंड्स ऑफ टुडे, आर्किटेक्ट्स ऑफ 2050’ रही। इसमें शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्या भारती चिन्मया विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि हिल टॉप स्कूल उपविजेता रहा। कुल 12 प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और मंचीय कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इनमें मंचीय और गैर-मंचीय, दोनों तरह की प्रतियोगिताएं शामिल थीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव एलन किम जोसेफ तथा विशिष्ट अतिथि आर्का जैन यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी विभाग की प्रमुख डॉ. राज कुमारी घोष ने किया। इस अवसर पर भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
दिनभर चली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मक सोच का परिचय दिया। पुरस्कार वितरण समारोह में एलन किम जोसेफ ने विजेता एवं उपविजेता विद्यालयों के साथ प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में एलन किम जोसेफ ने कहा कि अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने, रचनात्मक सोच विकसित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना सीखने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के साथ सहभागिता, अनुशासन, निरंतर प्रयास और दूसरों से सीखने की इच्छा भी जीवन में महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने विजेता एवं उपविजेता विद्यालयों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, मार्गदर्शक शिक्षकों, निर्णायकों, आयोजन समिति और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से ‘एक्सीलेंसिया 2K26’ यादगार आयोजन बन सका।


