Campus Boom.
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय की टीम जेनिथ और टीम मिशन उत्कर्ष ने बोकारो में आयोजित 34वें चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी सर्किल्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पार एक्सीलेंस अवार्ड और एक सिल्वर अवार्ड हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 26 सितंबर को बोकारो चैप्टर द्वारा ‘Leading with Quality for Sustainable Growth and Self Resilience’ थीम पर किया गया।
प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के विभिन्न प्रतिभागियों एवं टीमों ने हिस्सा लिया। विवेक विद्यालय की दोनों टीमों ने अपनी केस स्टडी, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन किया।
टीम जेनिथ को केस स्टडी और मॉडल में मिली सफलता
टीम जेनिथ की छात्राएं दीपिका कुमारी, आरुषि कुमारी, श्रेयशी पाल, वर्षा गिरी और अदिति भारती ने शिक्षिकाओं श्रीमती निकिता श्रीवास्तव एवं श्रीमती सुषमा नामता के नेतृत्व में ‘Smart Plastic Management Towards Zero Waste Campus’ विषय पर केस स्टडी प्रस्तुत की। उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए टीम को पार एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
टीम ने ‘आवर्तन’ नामक मॉडल भी प्रस्तुत किया, जिसमें प्लास्टिक अपशिष्ट बोतलों को नए धागे में परिवर्तित करने की अवधारणा प्रदर्शित की गई। इस मॉडल के लिए टीम को सिल्वर अवार्ड मिला।
टीम मिशन उत्कर्ष को भी पार एक्सीलेंस अवार्ड
टीम मिशन उत्कर्ष के मार्गदर्शक श्री शंकर साव, टीम लीडर ज्योति पंडित तथा सदस्य श्रीमती गार्गी धर एवं श्री अविनाश रवि ने अपनी केस स्टडी प्रस्तुत की। उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए टीम को पार एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया। वहीं, मॉडल प्रस्तुतीकरण के लिए टीम को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
विद्यालय प्रबंधन समिति और प्राचार्य श्री अवधेश सिंह ने दोनों टीमों को उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताया।
विवेक विद्यालय के अनुसार, बोकारो चैप्टर की ओर से विद्यालय को लगातार पिछले तीन वर्षों से पार एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जाता रहा है।




