Campus Boom.
जमशेदपुर। राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट वेल्डर्स–2026’ का मंगलवार को CSIR–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वेल्डिंग (IIW), जमशेदपुर शाखा द्वारा CSIR–Integrated Skill Initiative के तहत CSIR-NML के सहयोग से किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि CSIR-NML के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी तथा IIW जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रभाकरन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
गुणवत्तापूर्ण वेल्डिंग औद्योगिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में CSIR-NML के वरिष्ठतम वैज्ञानिक ‘G’ एवं HRG डॉ. एस. शिवप्रसाद ने वेल्डिंग की गुणवत्ता और वेल्डेड घटकों की संवेदनशीलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली वेल्डिंग न केवल उत्पाद की विश्वसनीयता के लिए, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
IIW जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रभाकरन ने कहा कि उद्योगों में कुशल और गुणवत्तापूर्ण वेल्डरों की मांग लगातार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 33 वेल्डर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें तीन महिला प्रतिभागी भी शामिल हैं। प्रतिभागी दो श्रेणियों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।
TIG, MIG और रोबोटिक वेल्डिंग की दी जानकारी
CSIR-NML के वैज्ञानिक ‘F’ एवं इंजीनियरिंग डिवीजन के प्रमुख डॉ. एम. उदय भास्कर राव ने संस्थान में उपलब्ध उन्नत वेल्डिंग सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने TIG, MIG और रोबोटिक वेल्डिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया। साथ ही वेल्डिंग के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
विकसित भारत@2047 में कुशल वेल्डिंग की अहम भूमिका
CSIR-NML के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि कुशल वेल्डिंग विनिर्माण क्षेत्र के साथ-साथ औद्योगिक सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन देश को ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. संदीप घोष चौधरी और IIW जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रभाकरन को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन CSIR-NML के वैज्ञानिक ‘E’ डॉ. अतनु दास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


