Campus Boom.
जमशेदपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम पूर्वानुमान में 26 सितंबर 2026 को पूर्वी सिंहभूम जिले में भीषण एवं लगातार भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया है। अवकाश जिले के सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों पर लागू होगा।
ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश
विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को अवकाश की अवधि में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों को जारी आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा है। आदेश की अवहेलना की स्थिति में संबंधित विद्यालय या संस्थान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के आकलन के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे।


