Campus Boom.
जमशेदपुर। बारीडीह स्थित डेफोडिल्स हाई स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध महत्वपूर्ण : मिथिलेश श्रीवास्तव
समारोह को संबोधित करते हुए डायरेक्टर मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच अन्योन्याश्रित संबंध सदियों से चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने सर्वगुण संपन्न होने के बावजूद गुरु के आश्रम में जाकर शिक्षा ग्रहण की। इसी प्रकार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने भी गुरु आश्रम में रहकर विद्या प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी के जीवन में सच्चे गुरु का महत्वपूर्ण स्थान होता है। शिक्षक और विद्यार्थी दोनों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार के माध्यम से ही देश विकासशील से विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ सकता है और भारत को विश्व गुरु बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
शिक्षकों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम को विद्यालय की प्राचार्या सिमरन सिन्हा, उप प्राचार्या मेरी ग्रेस लकड़ा, शिक्षक सुनील शुक्ला एवं शिक्षिका रेणु कुमारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और अच्छे आचरण को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं की छात्रा संध्या कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रा खुशी कुमारी ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।




