Campus Boom.
जमशेदपुर: टेल्को के 26 नंबर रोड स्थित श्री श्री दुर्गा एवं काली कमेटी, नॉर्थ एरिया की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रकृति संरक्षण की थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल में झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि नवरात्र की पंचमी तिथि को पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। इस वर्ष पूजा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता दी जाएगी। ब्रह्माकुमारी टीम की ओर से मां दुर्गा की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
षष्ठी को होगी शस्त्र पूजा, निकलेगा नगर भ्रमण
नवरात्र की षष्ठी तिथि को शस्त्र पूजा और नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और उनके महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। कमेटी के उपाध्यक्ष मनोज यादव, महासचिव मनोज सिंह तथा कोषाध्यक्ष नंदन सिंह और दिनेश यादव सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
कमेटी का उद्देश्य धार्मिक आस्था और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।


