Campus Boom.
जमशेदपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक समय से सक्रिय टीम पीएसएफ (पीएसएफ) के निदेशक अरिजीत सरकार को मानव जीवनदाई मानव सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। आरडी भट्टा एवं सी एरिया पूजा कमेटी के 60वें वर्ष यानी डायमंड जुबली वर्ष के अवसर पर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। अरिजीत सरकार ने सम्मान अपनी स्वर्गीय मां को समर्पित किया।
नवरात्रि के तीसरे दिन बिष्टुपुर स्थित विश्वजीत मणिमेला प्रांगण में आरडी भट्टा एवं सी एरिया पूजा कमेटी का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक सरयू राय, समाजसेवी एवं बिष्टुपुर स्थित श्रीलेदर्स के शेखर डे, वाई आनंद राव, अशोक अग्रवाल, दीपक पारीख, कैलाश सिंघानिया, कुलवंत सिंह, कमेटी के अध्यक्ष गौतम कुमार भौमिक और महासचिव बीएस प्रकाश राव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तीन दशक से मानव सेवा में जुटे हैं अरिजीत सरकार
स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों से प्रेरित अरिजीत सरकार पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। शहर से लेकर सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक जरूरतमंदों की सहायता के लिए किए गए उनके प्रयासों के मद्देनजर उन्हें सम्मानित किया गया।
उनके सामाजिक योगदान में वर्षभर 130 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान, एसडीपी रक्तदान, दूरदराज के गांवों में शौचालयों का निर्माण, टाइम बैंक और इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक जैसी पहल शामिल हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने व्यापक स्तर पर सेवा कार्य किए। इसके अलावा, दुर्गा पूजा मंडप में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित करने की पहल और 15 वर्षों से अधिक समय से प्रतिदिन 100 जरूरतमंद लोगों के भोजन की व्यवस्था करना उनके सेवा कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
डायमंड जुबली वर्ष पर 60 रक्तदान का संकल्प पूरा
आरडी भट्टा एवं सी एरिया पूजा कमेटी के डायमंड जुबली वर्ष को यादगार बनाने के लिए अरिजीत सरकार ने 60 रक्तदाताओं के रक्तदान का संकल्प लिया था। उन्होंने इस संकल्प को पूरा कर लिया। इस विशेष अभियान को उन्होंने पूजा कमेटी के डायमंड जुबली वर्ष के साथ-साथ 174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को समर्पित किया।
सम्मान समारोह के दौरान अरिजीत सरकार के साथ उनकी पत्नी स्नेहा सरकार, बेटे अनिरुद्ध सरकार और मानवीता चौधरी उपस्थित रहे। यह सम्मान समाजसेवा, रक्तदान और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनके लंबे समर्पण का प्रतीक बना।


