Campus Boom.
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी एंड वॉलंटरी एक्शन) की ओर से होटल बुलेवार्ड, बिष्टुपुर में ‘बाल विवाह रोकथाम में पंचायत, समुदाय एवं जिला हितधारकों की भूमिका, समन्वय एवं जवाबदेही’ विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बाल विवाह की रोकथाम के लिए पंचायत, समुदाय, प्रशासन, पुलिस, विद्यालय, मीडिया और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय तथा सामूहिक जवाबदेही मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में साइबर थाना के अमित अभिषेक, वन स्टॉप सेंटर की नीतू कुमारी, वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता, विकास श्रीवास्तव, डालसा की प्रीति मुर्मू, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा संस्था के बोर्ड सदस्य और किशोरी लीडर शामिल हुए। संचालन अंजना देवगम ने किया।
युवा की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी विषय नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक मुद्दा है। इसकी रोकथाम के लिए पंचायत और ग्राम सभा के साथ परिवार, समुदाय, प्रशासन, पुलिस, विद्यालय और मीडिया को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
समय पर सूचना देना जरूरी
साइबर थाना के अमित अभिषेक ने बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कई मामलों की सूचना विवाह से ठीक पहले मिलती है, जिससे समय पर हस्तक्षेप चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसलिए बाल विवाह की आशंका की जानकारी समय रहते पुलिस और संबंधित विभागों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने किशोर-किशोरियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
वन स्टॉप सेंटर की नीतू कुमारी ने कहा कि बाल विवाह गांवों के साथ-साथ शहरों में भी हो रहे हैं। लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी तो है, लेकिन बाल विवाह से जुड़े कानून, सहायता सेवाओं और संस्थागत तंत्र की जानकारी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने गांव और शहर दोनों स्तरों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
मीडिया को जनमत निर्माण में निभानी होगी भूमिका
वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम में मीडिया की भूमिका केवल कानून की जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। समाज की सोच में बदलाव और सकारात्मक जनमत निर्माण के लिए मीडिया, प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने डिजिटल माध्यम और स्मार्टफोन के सकारात्मक उपयोग से जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
विकास श्रीवास्तव ने कहा कि बाल विवाह के मामलों में केवल बच्चों को संस्थागत तंत्र तक पहुंचाना पर्याप्त नहीं है। जरूरत पड़ने पर परिवार और समुदाय तक पहुंचकर काउंसलिंग, संवाद और निरंतर सहयोग सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और सकारात्मक जनमत निर्माण में मीडिया की सक्रिय भूमिका की अपील की। विकास ने कहा कि बच्चों के मुद्दों पर अख़बार, मीडिया भी जिम्मेदार बने और लगातार ऐसे मुद्दों को जगह मिले इसके लिए संवाद जरूरी है।
ग्राम सभा के एजेंडे में शामिल हो बाल विवाह रोकथाम
कार्यशाला के खुले सत्र में सामाजिक कार्यकर्ताओं, संगठनों के प्रतिनिधियों और किशोरी लीडरों ने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि ग्राम सभा, बाल सभा और महिला सभा के एजेंडे में बाल विवाह रोकथाम को नियमित रूप से शामिल किया जाए। आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि और किशोरी समूहों को भी बाल विवाह की पहचान एवं रोकथाम में सक्रिय भूमिका देने की बात कही गई।
प्रतिभागियों ने कहा कि बाल विवाह की तैयारी की जानकारी मिलने पर समुदाय को सामूहिक रूप से हस्तक्षेप करना चाहिए। परिवार से संवाद, ग्राम सभा की बैठक और सामुदायिक जवाबदेही के माध्यम से ऐसे मामलों को रोका जा सकता है। साथ ही पंचायत के विकास और सामाजिक न्याय के एजेंडे में बाल विवाह रोकथाम को स्थायी रूप से शामिल करने पर जोर दिया गया।
युवा की अध्यक्ष ऊषा सबीना देवगम ने कहा कि बच्चों और किशोरियों की इच्छा, सुरक्षा और सहजता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्हें शिक्षा पूरी करने और अपने भविष्य के बारे में निर्णय लेने का अवसर मिलना चाहिए।
महिला कल्याण समिति की सचिव अंजली बोस ने महिलाओं और लड़कियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यशाला को सफल बनाने में युवा संस्था के कार्यकर्ताओं चन्द्रकला, रीला, आबंती, चाँदमनी, किरण, कापरा, हेमंती और सिकन्दर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




