Campus Boom.
नव ज्योति विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय ‘हिंदी उत्सव 2026–त्रिवेणी संगम’ का शनिवार को ‘संस्कृति संगम’ कार्यक्रम के साथ भव्य समापन हुआ। विद्यार्थियों ने नाटक, नृत्य और साहित्यिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की विविध छटा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्या अनामिका श्रीवास्तव एवं समाजसेवी मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और स्वागत नृत्य की प्रस्तुति देकर अतिथियों एवं दर्शकों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर सचिव डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव ने हिंदी भाषा के महत्व तथा ‘हिंदी उत्सव’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
नाटक और नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में कक्षा तीन, चार और पांच के विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा एवं सामाजिक विषयों पर आधारित पांच नाटकों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता और संवाद प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं ‘जब जिद पे आ गई पार्वती, पार्वती जी पार्वती’ थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।
‘गोदान’ के मंचन ने किया भावविभोर
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कक्षा 10 और कक्षा 6 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मुंशी प्रेमचंद की कालजयी रचना ‘गोदान’ पर आधारित लघु नाटक रहा। प्रभावी मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचना के सामाजिक सरोकारों को जीवंत किया। वहीं कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों ने ‘आत्मविश्वास’ नाटक के जरिए मानसिक मजबूती और स्वयं की क्षमता पर विश्वास रखने का संदेश दिया।
विजेताओं को मिला सम्मान

समापन समारोह के दौरान हिंदी उत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में प्राचार्या अनामिका श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए तीन दिवसीय आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार जताया। विद्यालय परिसर ‘शब्दों से संस्कृति, संस्कृति से संस्कार’ के संदेश से गूंज उठा और उत्सव का समापन हुआ।




