Campus Boom.
जमशेदपुर, 28 सितंबर 2026। टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में सोमवार को वार्षिक बोनस समझौता संपन्न हो गया। प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 14.03 प्रतिशत बोनस मिलेगा। बोनस के रूप में अधिकतम 87,543 रुपये और औसतन 53,787 रुपये का भुगतान होगा। करीब 8,000 स्थायी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
समझौते के अनुसार बोनस की राशि 1 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सुपरनेशन के सदस्यों को 15,791 रुपये की राशि देने पर भी सहमति बनी है।
पिछले साल की तुलना में बढ़ा बोनस
पिछले वर्ष कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये था। इस वर्ष बोनस प्रतिशत के साथ अधिकतम और औसत भुगतान राशि में भी वृद्धि हुई है।
हर वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली
बोनस समझौते के साथ रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी सहमति बनी है। इसके तहत हर वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली की जाएगी। अप्रेंटिसशिप के बाद डिप्लोमा कराने और इसके पश्चात स्थायीकरण का प्रावधान किए जाने की जानकारी यूनियन ने दी है।
मजदूर हित से जुड़े पांच प्रमुख फैसले
यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि बोनस के अलावा कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं से जुड़े कई मुद्दों पर भी सहमति बनी है।
- हर वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली और डिप्लोमा के बाद स्थायीकरण।
- कर्मचारियों को मल्टी-स्किल का लाभ।
- पांच टीएमएसटी प्रशिक्षुओं को नियोजन का अवसर, जिनका नियोजन लंबित था।
- पुराने डिप्लोमाधारियों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट।
- प्रगति स्कीम के तहत प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षुओं को विशेष इंक्रीमेंट।
ऑनलाइन शामिल हुए प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी
बोनस वार्ता में यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ डीपी नाम्बिया, वीपी ऑपरेशन विशाल बादशाह, प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार और ईआर हेड सौमिक रॉय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यूनियन और प्रबंधन के पदाधिकारी टाटा साहब की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और संयुक्त तस्वीर खिंचवाई।
कंपनी गेट से निकला जुलूस, आतिशबाजी कर मनाया जश्न
समझौता संपन्न होने के बाद कंपनी गेट से जुलूस निकाला गया। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और यूनियन सलाहकार प्रवीण सिंह खुले वाहन पर सवार होकर गाजे-बाजे के साथ कंपनी से निकले। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। जुलूस शाम करीब सात बजे यूनियन कार्यालय पहुंचा।
इसके बाद यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर बोनस समझौते की जानकारी दी। महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि बोनस के साथ मजदूर हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सहमति बनी है।


