Campus Boom.
उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य करण ने दीप प्रज्वलित कर तथा भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शिक्षक जीवन को देते हैं सही दिशा : आदित्य करण
प्रधानाध्यापक आदित्य करण ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्य-पुस्तकों तक सीमित ज्ञान प्रदान करने वाले व्यक्ति नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा देने के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का विकास कर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी बूढ़े नहीं होते, क्योंकि उनके द्वारा दिया गया ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन हमेशा विद्यार्थियों के जीवन में जीवित रहता है।
डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को किया याद
विद्यालय के शिक्षक तापस रंजन महापात्र ने भी शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण तथा विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
छात्रा अंजना ने दिया भाषण
इस अवसर पर कक्षा नौवीं की छात्रा अंजना बारीक ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उनके भाषण की उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।
केक काटकर साझा की खुशियां
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर केक काटा तथा एक-दूसरे के साथ शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में शिक्षक संदीप कुमार अधिकारी, अजीत कुमार राणा, शिक्षिका बिथिका प्रधान, लिपिक लक्ष्मीकांत सिंह, शिक्षक तापस रंजन महापात्र सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाकर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए हुआ।


