Campus Boom.
जमशेदपुर। “Learning is never ending”—सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। किसी भी संस्था की स्थापना और विकास में उससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका होती है। एक-एक ईंट से इमारत बनती है और उस इमारत में लगी हर ईंट तथा उसे लगाने वाले व्यक्ति का अपना महत्व होता है। किसी संस्था के लिए सुरक्षा सबसे अनिवार्य है और उसके शीर्ष नेतृत्व को हमेशा पारदर्शी, जिम्मेदार तथा जवाबदेह होना चाहिए। यह बात हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुपम मिश्रा ने बुधवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में आयोजित 85वें सीएसआईआर स्थापना दिवस समारोह में कही।
एनएमएल सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक पहचान उसकी HR पॉलिसी से होती है। कर्मचारियों के लिए नीतियां केवल कार्यालय में बैठकर नहीं बनाई जा सकतीं। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी 24 डिग्री तापमान वाले वातानुकूलित कार्यालय में बैठकर कर्मचारियों की नीति बनाता है, तो उसे यह भी समझना होगा कि उसके कर्मचारी 48 डिग्री तापमान में मैदान में काम कर रहे हैं। इसलिए नीतियां बनाते समय फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की परिस्थितियों, चुनौतियों और जरूरतों को ध्यान में रखना आवश्यक है।
24 बनाम 48 डिग्री से समझाया नेतृत्व का नजरिया
एचसीएल चेयरमैन ने कहा कि वे इसी संदर्भ में “24 बनाम 48” की बात करते हैं। नेतृत्व का अर्थ केवल निर्णय लेना नहीं, बल्कि उन लोगों की
परिस्थितियों को समझना भी है, जिनके लिए निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी संस्था में शीर्ष पद पर बैठे लोगों को अपने कर्मचारियों के प्रति जिम्मेदार और जवाबदेह होना चाहिए।
उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन के संदर्भ में दीर्घकालिक सोच की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, जो अधिकारी कुछ वर्षों तक नेतृत्व की भूमिका में रहते हैं, उन्हें नीतियां बनाते समय उन कर्मचारियों के हितों को भी ध्यान में रखना चाहिए, जो अगले कई वर्षों तक संस्था में काम करेंगे।
मिश्रा ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा, कर्मचारी कल्याण, जवाबदेही और वैज्ञानिक उत्कृष्टता किसी भी संस्थान के विकास की बुनियाद हैं। अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से प्रयोगशालाओं में विकसित ज्ञान और तकनीक को व्यावहारिक एवं औद्योगिक उपयोग तक पहुंचाया जा सकता है।
“देश में दो भारत” का किया उल्लेख
अपने संबोधन में श्री मिश्रा ने देश में मौजूद अलग-अलग सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि “देश में दो भारत हैं” और जमशेदपुर में जाम के दौरान भी उन्होंने इन दो अलग-अलग भारतों की तस्वीर देखी। उनके इस संदर्भ का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच मौजूद परिस्थितिगत अंतर और संस्थागत निर्णयों में जमीनी वास्तविकताओं को समझने की जरूरत को रेखांकित करना था।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व और संस्थागत नीतियां तभी प्रभावी हो सकती हैं, जब वे जमीन पर काम करने वाले लोगों की वास्तविक परिस्थितियों से जुड़ी हों।
सीखना कभी समाप्त नहीं होता
श्री मिश्रा ने वैज्ञानिक संस्थानों और उद्योगों के लिए निरंतर सीखने को आवश्यक बताते हुए कहा कि “Learning is never ending.” ज्ञान, तकनीक और कार्यप्रणाली लगातार बदलती रहती है। ऐसे में संस्थानों को भी निरंतर सीखने, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और नई तकनीकों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने अनुसंधान एवं औद्योगिक अनुप्रयोगों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा वैज्ञानिक संस्थानों और उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी विकसित करने पर जोर दिया। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक संस्थानों की भूमिका को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
85 वर्षों की वैज्ञानिक यात्रा को किया याद
सीएसआईआर-एनएमएल में 85वें सीएसआईआर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत किया गया।
समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी, पूर्व निदेशक डॉ. इंद्रनील चट्टोराज, कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार साहू, प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण, संस्थान के सेवानिवृत्त कर्मचारी, वैज्ञानिक और आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे।
स्वागत संबोधन में निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने कहा कि सीएसआईआर की 85 वर्षों की यात्रा केवल एक संस्था की यात्रा नहीं, बल्कि भारत की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय विकास की यात्रा भी है। उन्होंने सीएसआईआर के संस्थापक महानिदेशक डॉ. शांति स्वरूप भटनागर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि विज्ञान को प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर उसे समाज और राष्ट्र के विकास से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एनएमएल की स्थापना भी इसी राष्ट्रीय उद्देश्य के साथ हुई थी कि भारत में धातु, खनिज और पदार्थों के क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमता विकसित की जाए। दशकों से संस्थान ने विज्ञान और उद्योग, अनुसंधान और अनुप्रयोग तथा ज्ञान और तकनीक के बीच सेतु का काम किया है।
आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी नवाचार जरूरी : चट्टोराज
सीएसआईआर-एनएमएल के पूर्व निदेशक डॉ. इंद्रनील चट्टोराज ने सीएसआईआर की स्थापना और भारत के वैज्ञानिक विकास की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए डॉ. शांति स्वरूप भटनागर के योगदान को रेखांकित किया।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में स्वदेशी वैज्ञानिक नवाचार और तकनीकी आत्मनिर्भरता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत पदार्थ, सतत विनिर्माण, पुनर्चक्रण और औद्योगिक स्तर की तकनीकों के विकास पर जोर दिया।
डॉ. चट्टोराज ने अंतर्विषयी अनुसंधान, उद्योग के साथ सहयोग और प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों को व्यावहारिक एवं औद्योगिक अनुप्रयोगों में परिवर्तित करने की आवश्यकता बताई।
मेधावी विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सम्मान
समारोह के दौरान कर्मचारियों के आश्रित बच्चों के लिए आयोजित निबंध, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मेधावी विद्यार्थियों तथा सीएसआईआर में 25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। 30 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
वर्ष 2025 की वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षा में न्यूनतम तीन विज्ञान विषयों में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सोहम वर्मा, मान्या गुप्ता, तान्या सना रुंडा, आदर्श कुमार उपाध्याय और सिद्धांत दाश को मेधावी छात्र पुरस्कार के तहत छह-छह हजार रुपये का एकमुश्त नकद पुरस्कार दिया गया। तान्या सना रुंडा ने कंप्यूटर साइंस में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वातिका साह एवं अबनिंद्र जेना विजेता तथा डॉ. ए.के. साहू एवं नदीम परवेज उपविजेता रहे। विभिन्न वर्गों की निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सीएसआईआर-एनएमएल के प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह में सीएसआईआर की 85 वर्षों की वैज्ञानिक यात्रा को स्मरण करते हुए स्वदेशी अनुसंधान, नवाचार, औद्योगिक सहयोग, कर्मचारी कल्याण और तकनीकी आत्मनिर्भरता के माध्यम से विकसित भारत 2047 के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई गई।


