Campus Boom.
कांड्रा। एच.टी. इंग्लिश स्कूल, कांड्रा में शुक्रवार को शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। दोहरे उत्सव को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय फतेह नारायण सक्सेना के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, कविता और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा में पहुंचे। बाल कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों ने भजन एवं धार्मिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजीत श्रीवास्तव ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की और विद्यार्थियों से डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के निदेशक राजीव चित्रे एवं सचिव रीना चित्रे ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के बताए सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच प्रसाद और मिठाइयों का वितरण किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। मौके पर तृप्ति वार्ष्णेय, महुआ पॉल, रीना महापात्र, मीता मुखर्जी, रिद्धि मिश्रा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की संरक्षिका श्रीमती मिथिलेश सक्सेना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


