Rina Kumari.
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के एक छोटे से पंचायत क्षेत्र से निकली एक पहल आज यह साबित कर रही है कि अगर युवा ठान लें, तो शिक्षा के जरिए समाज में बड़ा बदलाव संभव है। खखरीपड़ा पंचायत के बड़ा गोविंदपुर गांव के 19 वर्षीय सगुन सोरेन अपने साथियों के साथ मिलकर उन बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने में जुटे हैं, जो कभी पढ़ाई से दूर हो चुके थे। इसके पहले आप सभी ने गदड़ा के शीतल के प्रयास को पढ़ चुके हैं, किस तरह शीतल ने 60 ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने का काम किया है। शीतल और सगुन समाज में ऐसा काम कर रहे हैं जिससे कोई बच्चा शिक्षा से अछूता नहीं रहेगा। Campus Boom की विशेष Change Maker of Society के श्रृंखला में आज पढ़े सगुन सोरेन के असाधारण प्रयास की ये कहानी।
एक किसान और मजदूर परिवार से आने वाले सगुन वर्तमान में घाटशीला कॉलेज में संताली ऑनर्स के छात्र हैं। सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच पले-बढ़े सगुन ने अपनी परिस्थितियों को बाधा नहीं बनने दिया। आज वे अपने समुदाय में शिक्षा और जागरूकता की नई मिसाल बन चुके हैं।
पंचायत में शिक्षा से दूर हो रहे थे बच्चे
खखरीपड़ा पंचायत के कई गांवों में प्राथमिक स्तर के बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रहे थे। कई बच्चों की पढ़ाई में रुचि खत्म हो रही थी, जबकि कुछ घरेलू कामों और आर्थिक परिस्थितियों के कारण स्कूल से दूर होते जा रहे थे।
इसी दौरान People For Change के “ADIR Fellowship” से जुड़े सगुन ने इस समस्या को गंभीरता से समझा। उन्होंने महसूस किया कि अगर शुरुआती शिक्षा कमजोर हो जाए, तो बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है। इसके बाद उन्होंने अपने पंचायत में शिक्षा को लेकर काम शुरू करने का फैसला किया।
घर-घर सर्वे कर बच्चों की पहचान
सगुन ने अपने 20 Change Makers साथियों के साथ पंचायत में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू किया। टीम ने ऐसे बच्चों की पहचान की जो नियमित रूप से स्कूल नहीं जाते थे। इसके बाद बच्चों और उनके परिवारों से लगातार संवाद किया गया।
सगुन और उनकी टीम ने अभिभावकों को समझाया कि प्राथमिक शिक्षा केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास, सोच और भविष्य की नींव तैयार करती है। धीरे-धीरे परिवारों का नजरिया बदलने लगा और समुदाय इस पहल से जुड़ता चला गया।
पंचायत और स्कूल के सहयोग से शुरू हुए क्रिएटिव लर्निंग सेशयंस
सगुन ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम प्रधान से मुलाकात कर बच्चों की शिक्षा को लेकर चर्चा की। उनकी पहल को पंचायत और स्थानीय स्कूल का सहयोग मिला। इसके बाद बारा गोविंदपुर प्राथमिक विद्यालय में सप्ताह में तीन दिन “Creative Learning Sessions” शुरू किए गए।
इन सत्रों में बच्चों को पारंपरिक पढ़ाई के बजाय खेल, कहानी, चित्रकला, समूह गतिविधियों और संवाद के जरिए सीखने का अवसर दिया गया। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ने लगी और स्कूल उनके लिए बोझ के बजाय एक आनंददायक जगह बनने लगा।
30 से अधिक बच्चे फिर से नियमित रूप से पहुंचने लगे स्कूल
स्कूल में करीब 45 ऐसे बच्चे थे जो नियमित रूप से नहीं आते थे। लगातार संपर्क, दोस्ताना माहौल और रचनात्मक शिक्षण पद्धति के कारण स्थिति बदलने लगी। अब 30 से अधिक बच्चे नियमित रूप से स्कूल आने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां कई बच्चे स्कूल से दूरी बना रहे थे, वहीं अब वे उत्साह के साथ कक्षाओं में भाग ले रहे हैं।
“विद्यार्थी सम्मान समारोह” ने बढ़ाया उत्साह
बच्चों को प्रेरित करने के लिए सगुन और उनकी टीम हर महीने “विद्यार्थी सम्मान समारोह” आयोजित करती है। इसमें नियमित उपस्थिति और अच्छे प्रदर्शन वाले बच्चों को छोटे-छोटे उपहार देकर सम्मानित किया जाता है।
इस पहल ने बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्कूल के प्रति जुड़ाव बढ़ाया है। कई बच्चे अब नियमित रूप से स्कूल आने को अपनी उपलब्धि मानने लगे हैं।
खेल और शिक्षा को जोड़ा साथ-साथ
सगुन ने बच्चों की रुचि को ध्यान में रखते हुए खेलकूद गतिविधियों को भी अभियान का हिस्सा बनाया। स्कूल की छुट्टियों के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में केवल उन्हीं बच्चों को भाग लेने की अनुमति दी गई जो नियमित रूप से स्कूल आते थे। इस छोटे लेकिन प्रभावी प्रयोग ने बच्चों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति की आदत विकसित करने में मदद की।
खुद के अनुभव ने दी बदलाव की प्रेरणा
सगुन बताते हैं कि वे स्वयं भी एक समय नियमित रूप से स्कूल नहीं जाते थे। यही वजह है कि वे उन बच्चों की समस्याओं और मानसिक स्थिति को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
“स्कूल सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होता। यही वह जगह है जहां बच्चों का आत्मविश्वास बनता है, नई सोच विकसित होती है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।”
सगुन सोरेन
फेलोशिप ने बदली सोच और नेतृत्व क्षमता
सगुन कहते हैं कि फेलोशिप से पहले वे कभी पंचायत भवन तक नहीं गए थे और सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने में झिझक महसूस करते थे। लेकिन अब वे पंचायत स्तर पर बैठकों का संचालन करते हैं, स्थानीय प्रतिनिधियों से योजनाओं पर चर्चा करते हैं और युवाओं को नेतृत्व एवं संवाद कौशल पर प्रशिक्षण भी देते हैं। उनके साथ काम करने वाले Change Makers का कहना है कि इस पहल ने पूरी टीम को समाज के प्रति जिम्मेदार और सक्रिय बनाया है।
गांव के युवाओं के लिए बन रहे प्रेरणा
आज सगुन सोरेन और उनकी टीम पंचायत में प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। उन्हें देखकर गांव के अन्य युवा भी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास के कार्यों में आगे आने लगे हैं।
झारखंड के एक छोटे से गांव से शुरू हुई यह पहल यह संदेश देती है कि शिक्षा के जरिए समाज में स्थायी बदलाव लाया जा सकता है और इसके लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी है – मजबूत इरादा और समुदाय के प्रति जिम्मेदारी का भाव।



