Ajay Muskan.
“ज़िंदगी मुहावरा नहीं..!! “
ज़िंदगी मुहावरा तो नहीं—
फिर क्यों हर एहसास पर
“मतलब” की मुहर लगाते हैं हम?
क्यों हर धड़कन को
किसी कहावत का सहारा चाहिए,
जैसे बिना व्याख्या के
वजूद अधूरा रह जाएगा।
मैंने उसे वहाँ देखा है—
जहाँ शब्द पहुँचने से डरते हैं,
जहाँ एक सूखी पत्ती भी गिरती है
तो कोई अर्थ नहीं बनाती—
बस गिरती है।
हमने ही—
उस गिरने को “संकेत” कहा,
उस ठहराव को “सबक”,
और उस चुप्पी को
किसी पुराने जुमले की परछाई।
हमने हर अनुभव को
इतना समझा, इतना समझाया—
कि वो अनुभव रहा ही नहीं,
एक निष्कर्ष बनकर रह गया।
पर ज़िंदगी निष्कर्ष नहीं—
वो तो बीच में छूटा हुआ प्रश्न है,
जिसका कोई अंतिम उत्तर नहीं,
सिर्फ़ बदलते हुए संदर्भ हैं।
वो कभी “कारण” से बाहर मुस्कान है,
तो कभी “तर्क” से परे पीड़ा,
वो किसी शास्त्र की रेखा नहीं,
वो तो हथेली पर बदलती हुई लकीर है—
जिसे पढ़ा नहीं,
बस जिया जाता है।
तो आओ—
आज अर्थ की दीवारें गिरा दें,
व्याख्या के दरवाज़े बंद कर दें,
और पहली बार
उसे बिना किसी नाम के होने दें।
और जब सब कुछ जान लेने के बाद भी
कुछ अनजाना ठहर जाए—
तो वहीं, उसी खामोशी में
धीरे से खुद से कहना—
“ज़िंदगी मुहावरा नहीं..!!”
चलो…!
“मैं बात पूरी नहीं करता,
मैं उसे वहीं छोड़ देता हूँ
जहाँ से असली ज़िंदगी शुरू होती है।”
क्योंकि…
‘ज़िंदगी’ मुहावरा नहीं..!
‘ज़िंदगी’ मुहावरा नहीं..!!
अजय मुस्कान जाने माने साहित्यकार, लेखक, कवि, चिंतक और ट्रेवलर हैं। देश-दुनिया के अलग अलग शहरों को न केवल नजदीक से देखा है बल्कि अपनी कलम से शब्दों में अपने अनुभव को पिरोने का काम किया है। अजय मुस्कान अपनी पत्नी के साथ कुछ माह पहले ही भारत के विभिन्न प्रदेशों में अपनी कार से 20 हजार किलोमीटर की यात्रा कर एक रिकॉर्ड बनाए हैं।


