Ankush Kumar Thakur.
खुद से एक सवाल
खुद से एक सवाल करना –
क्या हो तुम?
अगर जवाब न मिले,
तो ख्याल करना –
क्या हो तुम?
छुपाकर अंदर लाखों दर्द,
यूँ मुस्कुराते रहते हो,
लोगों की खुशी में खुश होकर,
हर दर्द भुलाते रहते हो।
तो कैसे कोई तुम्हें जानेगा,
तुम कैसे खुद को बचाओगे?
तुम कहते हो — “मैं ठीक हूँ”,
यूँ कब तक झूठ बतलाओगे।
बहुत हो चुका खुद से डरना,
रात-रात भर जागते रहना,
जमाने के हर एक सवाल से,
बहुत हुआ अब भागते रहना।
खुद से जीने की चाहत में,
यूँ बंद कमरे में सोते रहते हो,
चेहरे पर मुस्कान लिए,
अंदर से रोते रहते हो।
यही तुम्हारा अंत नहीं,
तुम कैसे खुद को समझाओगे?
तुम कहते हो — “मैं ठीक हूँ”,
यूँ कब तक झूठ बतलाओगे।
हालाँकि सब वाकिफ हैं,
तुम खोए-खोए जो रहते हो,
बिना आँखों में आँसू लिए,
हर ग़म अपना सहते हो।
मगर सभी को इंतज़ार है,
तुम्हारे वापस आने का,
दर्द उन्हें भी ज़रूर हुआ है,
तुम्हारे ऐसे जाने का।
अपने दोस्तों की महफ़िल में,
तुम हँसकर कब आओगे?
तुम कहते हो — “मैं ठीक हूँ”,
यूँ कब तक झूठ बतलाओगे।
अंकुश कुमार ठाकुर


