Campus Boom.
जनवादी लेखक संघ सिंहभूम इकाई ने भोजपुरी भवन गोलमुरी में निराला जयन्ती-सह-जलेस स्थापना दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम को चार सत्रों में विभक्त किया गया। पहले सत्र में “निराला जयन्ती” जिसमें विमर्श के लिए “कविता की प्रगतिशील धारा और निराला” विषय को केन्द्रित किया गया। प्रथम सत्र की अध्यक्षता अशोक शुभदर्शी, डॉ अली इमाम खान, गोपाल प्रसाद, कुमार सत्येंद्र, जयनंदन, डॉ अहमद बद्र ने सामूहिक रुप से की।
सत्र की शुरुआत निराला की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।काशीनाथ प्रजापति ने जनगीत की प्रस्तुति दी। अतिथियों का शब्द सुमनों से स्वागत वरुण प्रभात ने किया। अपनी बात रखते हुए डॉ अली इमाम खान ने कहा कि निराला ने साहित्य की जो पारंपरिक धारा थी उससे खुद को अलग किया और कविताओं को उस समाज से जोड़ा जो बहिष्कृत थे।
जयनंदन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि निराला कई तरह से, कई-कई रूपों में जनमानस में व्याप्त हैं। उन्होंने निराला की कविताओं को उद्धृत करते हुए कहा कि जिस कविता में आम आदमी की पीड़ा नहीं है, प्रगतिशीलता नहीं है, वह कविता है ही नहीं।
शैलेन्द्र अस्थाना ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारी दृष्टि हमेशा एक बेहतर भविष्य की तरफ देखती है, वह हमेशा से जीवन व समाजवाद की पक्षधर रही है। छायावादी काल में ही प्रगतिशीलता का बीज निराला की कविताओं में अंकुरित हो चुकी थी। निराला ने छंदों के बंधन को तोड़कर मुक्त छंद के माध्यम से प्रगतिशील हिन्दी कविता को विश्व साहित्य के समकक्ष खड़ा किया।
डॉ अहमद बद्र ने अपने व्यक्त्व्य में कहा कि निराला की विचारधारा, उनकी कविताओं से हम आज भी कहा आगे बढ़े है? भिक्षुक, कुकुरमुत्ता, वह तोड़ती पत्थर में निराला ने जो चित्र उकेरा है, जिस वर्ग का चित्रण किया है, आज इतने वर्षों बाद भी वह तस्वीर कहा बदली है? जरुरत है उस तस्वीर को बदलने की तब जाकर प्रगतिशीलता के साथ निराला के साथ न्याय होगी।
युवा साथी निशांत सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा कि निराला पहले कवि है जिन्होंने श्रृंगार को नहीं संघर्ष को अपनी पहचान बनाई। निराला की कविताएँ मनोरंजन का साधन नहीं परिवर्तन की मशाल है । इस सत्र को कृपाशंकर, गोपाल प्रसाद, कुमार सत्येंद्र, उदय प्रताप हृयात, संध्या सिन्हा, अर्चना अरुप ठाकुर ने भी संबोधित किया। सत्र का संचालन अजय महताब ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सौरभ अस्थाना ने दिया।
दूसरे सत्र में “नंद कुमार उन्मन स्मृति साहित्य सम्मान-2026 ” आयोजित की गई। अध्यक्ष मंडल में अशोक शुभदर्शी, डॉ अली इमाम खान, गोपाल प्रसाद, कुमार सत्येंद्र, जयनंदन, अरविंद विद्रोही उपस्थित थे। सम्मानित अभ्यागत शैलेन्द्र अस्थाना, अजय महताब को नंद कुमार उन्मन स्मृति साहित्य सम्मान- 2026 प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र, मोमेंटो, प्रशस्तिपत्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट किया गया। सत्र का संचालन वरुण प्रभात ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन-सरिता सिंह ने दिया।
सामुहिक भोजन के उपरांत तीसरे सत्र में जलेस का 45 वां स्थापना दिवस मनाया गया। जिसमें-जनवाद, प्रेम और प्रतिरोध: वैश्विक संकट के दौर में साहित्य की भूमिका विषय पर चर्चा की गई। मंच पर डॉ अली इमाम खान, गोपाल प्रसाद, अरविंद विद्रोही, कुमार सत्येंद्र उपस्थित थे। इस सत्र की शुरुआत जलेस झारखंड की पत्रिका “उत्तरा झारखंड” के लोकार्पण से हुई। कुमार सत्येंद्र ने जनवादी लेखक संघ की स्थापना व उसके उद्देश्य को रेखांकित करते हुए जनवाद की जरूरत व सामूहिक एकता पर बल दिया।
डीएनएस आनंद ने जनवादी लेखक संघ की स्थापना काल को याद करते हुए कई संस्मरण सांझा किये। जन संस्कृति मंच से प्रो सुधीर सुमन ने अपने वक्तव्य में इमर्जेंसी के दौर को याद करते हुए वर्तमान सत्ता द्वारा अघोषित इमर्जेंसी को उजागर किया साथ ही जलेस के 45 वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएँ प्रेषित की। मंच को डॉ राम कविन्द्र,अली इमाम खान, अरविंद विद्रोही ने भी संबोधित किया।
सत्र का संचालन उदय प्रताप हृयात ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन देवाशीष मुखर्जी ने किया। अंतिम सत्र में कवि सम्मेलन-सह-मुशायरा आयोजित की गई। अध्यक्ष मंडल में श्रीमती ज्योत्सना अस्थाना, गौहर अजीज, डॉ लता मानकर मंचस्थ थे। संचालन सद्दाम गनी ने किया।
कवि सम्मेलन की शुरुआत लिटिल इप्टा के बच्चों ने जनगीत प्रस्तुत कर की। नजीर अहमद नजीर,अनमोल, उदय प्रताप हृयात, राजदेव सिन्हा, सरिता सिंह, अर्चना अरुप ठाकुर, सौरभ अस्थाना, मनिष पाठक, प्रियंका सिंह, अर्चना अनुपम कर्ण, साबिर नवादवी, वीणा कुमारी, सुजल, असर भागलपुरी, अशोक शुभदर्शी, अहमद बद्र,सुनिता सोहनी, संदीप सिंह गौतम, डॉ सुनिता वेदी, रिजवान औरंगाबादी, नीलिमा कुमारी, सकलैन मुश्ताक, विमल किशोर विमल, आलोक तिवारी, निशांत सिंह, रमेश हंसमुख, सुधीर सुमन, सतीश कुमार, संजय सोलोमन, कुमार सत्यम ने अपनी कविता, गीत-गजलों से खूब-खूब वाह-वाहियां बटोरी।
कार्यक्रम को सफल सफल बनाने में जयकिशोर प्रसाद, बी विश्वनाथ राव, प्रो बीएन प्रसाद, चैतन्य शिरोमणि, विनय कुमार, रविश कुमार, संध्या ठाकुर, अर्पिता आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


