Campus Boom.
जनवादी लेखक संघ सिंहभूम इकाई के द्वारा पेंशनर समाज साकची पुराना कोर्ट परिसर में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कवि गोष्ठी आयोजित की गई। मंच पर अशोक शुभदर्शी, राजदेव सिन्हा, डॉ उदय प्रताप हृयात, अजय यतीश, डॉ संध्या सिन्हा मंचस्थ थे। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ संध्या सिन्हा ने शब्द सुमनों से अतिथिगण एवं कवियों का स्वागत किया।
कवि गोष्ठी की शुरुआत दीपक वर्मा की व्यंग्य कविता से हुई। उसके बाद मनीष कुमार पाठक, अनुभव सिंह, शिवम, अनमोल, तमल चौधरी, सौरभ अस्थाना, सुनील सैलानी, संदीप सिंह गौतम जैसे युवा कवियों ने अपनी
रचनाओं में बेरोजगारी, भूखमरी, महंगी होती शिक्षा व्यवस्था, धार्मिक उन्माद, कट्टरवाद और खत्म होती संबंधों की संवेदना को उकेरते हुए सवाल किया क्या वास्तव में लोकतंत्र, लोक चेतना की हिमायती है?
युवा शायर सकलैन मुश्ताक ने अपने शेर” दहलीज पे आ पहुंचा अब जुल्म का लश्कर, हम अब भी मुशल्लें पे दुआ माँग रहे है” से खूब तालियां बटोरी। शेरो-शायरी, नज्म, गीत-गजल व कविताओं के इस दौर में हसरत नाज़मी, सद्दाम गनी, नजीर अहमद नजीर, रिजवान औरंगाबादी, सबीर नवादवी, असर भागलपुरी, डॉ उदय प्रताप हृयात ,श्यामल सुमन,विमल किशोर विमल, श्यामल कुमार उपाध्याय, ममता मिश्रा, राजदेव सिन्हा, नवीन अग्रवाल, सतीश कुमार, डॉ संध्या सिन्हा, वरुण प्रभात अन्य ने अपनी रचनाओं से कई बुनियादी सवालों को आवाज दी।
गौहर अजीज ने अपनी गजल ” हमें अब कान धरने की भी आदत छोड़ देनी है, बहुत नुकसान देह होती है ये उड़ती हुई बातें ” से वर्तमान व्यवस्था व सोशल मीडिया की खूब खबर ली। कवि गोष्ठी की अध्यक्षता अशोक शुभदर्शी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोकारो जलेस के उपाध्यक्ष अजय यतीश मंचस्थ थे। संचालन नवीन अग्रवाल ने किया।धन्यवाद ज्ञापन वरुण प्रभात ने दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एस पी सिंह, चन्द्रदीप पाण्डेय, अविनाश मिश्रा, रोहित कुमार, अनुज शर्मा, आदि का योगदान अविस्मरणीय है।


