Campus Boom.
गांव केवल खेत-खलिहान और पगडंडियों का भूगोल नहीं, बल्कि स्मृतियों, रिश्तों, श्रम, संघर्ष और लोकसंस्कृति से निर्मित जीवंत संसार है। शांति सुमन के साहित्य में गांव इसी व्यापक लोकसंवेदना और मानवीय जीवन के रूप में उपस्थित होता है। रविवार को भोजपुरी भवन, गोलमुरी में शांति सुमन साहित्य संस्थान, जमशेदपुर के तत्वावधान में “शांति सुमन के गीतों में गांव का परिवेश” विषय पर आख्यान और शांति सुमन साहित्य सम्मान-2026 समारोह आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार शैलेन्द्र अस्थाना ने की। सुविख्यात कथाकार जयनंदन मुख्य अतिथि और कवयित्री डॉ. संध्या सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। स्वागत संबोधन अजय महताब ने किया, जबकि संचालन साहित्यकार वरुण प्रभात ने और धन्यवाद ज्ञापन अरविंद विद्रोही ने किया।
समारोह में सुप्रसिद्ध कवि राजदेव सिन्हा को शांति सुमन साहित्य सम्मान-2026 प्रदान किया गया। साहित्य के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान और सृजनात्मक अवदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा और इसने समकालीन रचनाकारों के प्रति साहित्यिक समाज के सम्मान को भी रेखांकित किया।
गांव शांति सुमन की रचनात्मक चेतना का आधार
“शांति सुमन के गीतों में गांव का परिवेश” विषय पर आयोजित आख्यान में अशोक शुभदर्शी, अरुण कुमार सज्जन, चेतना वर्मा और ज्योत्सना अस्थाना ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि शांति सुमन के गीतों में गांव महज पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि उनकी रचनात्मक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है। उनकी रचनाओं में गांव की मिट्टी की गंध, लोकजीवन की सहजता, श्रमशील मनुष्य की आकांक्षाएं, रिश्तों की आत्मीयता और बदलते समय की पीड़ा साथ-साथ दिखाई देती है।
वक्ताओं ने कहा कि शांति सुमन की रचनाधर्मिता गीतों तक सीमित नहीं है। पद, गद्य, नवगीत, जनगीत और उपन्यास तक फैले उनके साहित्य में लोक और आधुनिकता का जीवंत संवाद दिखाई देता है। नवगीतों में समय की बेचैनी, जनगीतों में जनजीवन के संघर्ष और गद्य तथा उपन्यासों में सामाजिक यथार्थ एवं मनुष्य-समाज के जटिल संबंधों की अभिव्यक्ति मिलती है।
गीतों ने जीवंत की लोकसंवेदना
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में शांति सुमन के चर्चित गीत “इसी शहर में ललमुनिया भी रहती थी बाबू” की प्रस्तुति काशीनाथ प्रजापति ने की। इसके बाद प्रदीप कुमार दीपक, अर्चना अनुपम कर्ण, चेतना वर्मा, यमुना तिवारी व्यथित और वरुण प्रभात ने शांति सुमन के गीत प्रस्तुत किए। गीतों ने समारोह के वातावरण को भावपूर्ण बना दिया और श्रोताओं को लोकजीवन, स्मृतियों और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ा।
वक्ताओं ने कहा कि शांति सुमन के यहां गांव अतीत की स्थिर तस्वीर नहीं, बल्कि निरंतर बदलता सामाजिक यथार्थ है। उनकी रचनाओं में स्मृति के साथ संघर्ष, आत्मीयता के साथ विस्थापन और लोकविश्वास के साथ आधुनिक समय की चुनौतियां भी मौजूद हैं। यही उनकी रचनाओं को व्यापक सामाजिक सरोकारों से जोड़ता है।
समारोह में यह विचार भी उभरा कि साहित्य की शक्ति उसकी जड़ों से जुड़े होने में है। जब रचना गांव, लोक और आम मनुष्य के जीवन से संवाद करती है तो वह महज शब्दों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सामूहिक स्मृति और सांस्कृतिक चेतना का हिस्सा बन जाती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राम कविन्द्र, उदय प्रताप हयात, चन्द्रकांत, आशुतोष चौबे, रीना सिन्हा सलोनी, आरती श्रीवास्तव, जयश्री शिवकुमार, मनोकामना सिंह अजय, यमुना तिवारी व्यथित, जितेश तिवारी, संजय कुमार, रविन्द्र पाठक, मुकेश रंजन, निशा रंजन, मनीष कुमार, आशीष कुमार, आलोक कुमार, बिपिन मंडल, शशि मंडल, कुंदन कुमार, डॉ. अजय चौबे सहित साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों का योगदान रहा। समापन के बाद सभी ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया।


