Campus Boom.
जमशेदपुर। विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को टेल्को स्थित सुमंत मुसलगांवकर स्टेडियम में समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्या विकास समिति, झारखंड ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
समापन समारोह का उद्घाटन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा जी राव, प्रदेश मंत्री डॉ. बृजेश कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा और अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच मंजीत सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर हनुमान जी की आरती एवं वंदना हुई। विद्यालय की छात्रा राजलक्ष्मी ने एकल गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि ब्रह्मा जी राव ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक शिक्षा की महत्ता पर जोर दिया।
डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में सफल खिलाड़ी नवंबर में जबलपुर में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह के अंतिम चरण में अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच मंजीत सिंह ने प्रतियोगिता ध्वज का अवतरण किया। इसके बाद प्रदीप कुमार कुशवाहा ने ध्वज ग्रहण किया और प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रदीप कुमार कुशवाहा ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, आयोजकों, आचार्यों, निर्णायकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शांति मंत्र एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ समारोह संपन्न हुआ।


