Campus Boom.
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की ओर से रविवार को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम और टेल्को टाउनशिप में टाटा मोटर्स रन 2026 का आयोजन किया गया। आयोजन में पुरुष एवं महिला वर्ग में करीब 2500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं स्कूल वर्ग में एसपीके स्कूल के करीब 500 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुरुष एवं महिला वर्ग में झारखंड के विभिन्न हिस्सों के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी प्रतिभागी पहुंचे। सुबह से ही टेल्को टाउनशिप का माहौल खेल और उत्साह से भर गया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
स्कूल वर्ग की प्रतियोगिता में गुरु गोविंद सिंह स्कूल ने लड़कों और लड़कियों की ग्रुप चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि विवेक विद्यालय उपविजेता रहा। स्कूली बच्चों ने दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन पदाधिकारी रहे मौजूद
टाटा मोटर्स रन 2026 के अवसर पर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, टाटा कमिंस के प्लांट हेड अजितेश मूंगा, टाटा मोटर्स के हेड एचआर प्रणव कुमार, हेड ईआर सौमिक रॉय, जीएम जीवराज सिंह संधू, जीएम पी.के. सिंह, जीएम ब्रजेश सिंह, जीएम आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा टाउन एडमिन रजत सिंह, टाटा मोटर्स यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अधिकारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजन के माध्यम से खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।



