Campus Boom.
जमशेदपुर। विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के आयोजन एवं विद्या विकास समिति, झारखंड के आतिथ्य में चल रही 37वीं क्षेत्रीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन गुरुवार को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम, टेल्को में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड और उत्तर-पूर्व बिहार के तीन प्रांतों से आए 297 खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में लोक शिक्षा समिति के 94, भारती शिक्षा समिति के 97 और विद्या विकास समिति के 106 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन 3000 एवं 5000 मीटर वॉक, 100, 600, 800, 1500 एवं 3000 मीटर दौड़, लंबी कूद, 4×100 मीटर रिले, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट तथा 80, 100, 110 एवं 400 मीटर हर्डल सहित कई स्पर्धाएं आयोजित हुईं।
विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम और प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल पदक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। हार-जीत से आगे बढ़कर खेल निरंतर बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। दूसरे दिन स्टेडियम में खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों का जोश और आयोजकों की सक्रियता देखने लायक रही। प्रतियोगिता ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का संदेश दिया।


