Campus Boom.
जमशेदपुर। शहर में कॉलेज स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित पहले इंटर कॉलेज टूर्नामेंट 2026 का रविवार को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समापन हुआ। दो दिवसीय इस खेल महोत्सव में जमशेदपुर के सात प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छह खेल विधाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में करीम सिटी कॉलेज, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, अरका जैन यूनिवर्सिटी, अल कबीर पॉलिटेक्निक, एक्सएलआरआई जमशेदपुर, एनआईटी जमशेदपुर और आरवीएस के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
छह खेलों में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम
टूर्नामेंट के दौरान एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, फुटसल और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं। सभी खेलों में पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
रविवार को दोपहर 2:30 बजे तक सभी खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हो गईं। इसके बाद शाम 4 बजे बास्केटबॉल कोर्ट में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
शाम 6:30 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर शैलजा सुंदर रामम, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी, चीफ सिक्योरिटी एंड ब्रांड प्रोटेक्शन ब्रिगेडियर जितेंद्र सिंह शेखावत, चीफ स्पोर्ट्स, इवेंट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स कैप्टन मनीष सिन्हा, हेड कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस राजेश राजन और हेड स्पोर्ट्स, एकेडमीज अमित मोडक भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के पुरुष एवं महिला वर्ग में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले व्यक्तिगत प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
डिजिटल दौर में खेलों की भूमिका अहम : डीबी सुंदर रामम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डीबी सुंदर रामम ने कहा कि सात संस्थानों, छह खेलों और दो दिनों की प्रतिस्पर्धा के साथ इंटर कॉलेज टूर्नामेंट के पहले संस्करण ने एक नई शुरुआत की है। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में युवाओं को स्क्रीन से दूर रखकर शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के विकास में भी योगदान करते हैं।
पहले इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स फेस्ट के सफल आयोजन को शहर के कॉलेज विद्यार्थियों के बीच खेल प्रतिस्पर्धा, आपसी सहभागिता और खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




