Campus Boom.
राजभाषा विभाग एवं पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, जमशेदपुर की ओर से आयोजित हिंदी माह के तहत रविवार को भव्य काव्य मंच का आयोजन किया गया। झारखंड पेंशनर कल्याण समाज और साहित्यिक संस्था ‘हुलास’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शहर के कवियों, कवयित्रियों और साहित्यकारों ने विभिन्न साहित्यिक विधाओं में रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में कविता, लघुकथा, संस्मरण, यात्रा-वृत्तांत, मुक्तक सहित विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। बड़ी संख्या में मौजूद साहित्यप्रेमियों ने तालियों से रचनाकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विजय नारायण ‘बेरुका’ द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद एसपी सिंह एवं हरिकृष्ण चावला ने अतिथियों का स्वागत किया और स्वागत भाषण दिया।
काव्य गोष्ठी का संचालन चर्चित रचनाकार बसंत ‘जमशेदपुरी’ ने किया। गोष्ठी में श्यामल सुमन, विजय नारायण ‘बेरुका’, बसंत ‘जमशेदपुरी’, अजय ‘मुस्कान’, डॉ. संध्या सिन्हा, रिज़वान औरंगाबादी, वीणा कुमारी, रमा शंकर ‘रबीश’, डॉ. उदय हयात, ओम प्रकाश ताती, शिवनंदन सिंह, हरि राय चौहान, एसपी सिंह, राजेंद्र राजदेव सिन्हा, सुहास चौरसिया और हरिकृष्ण चावला सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
रचनाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं। कार्यक्रम के अंत में अरुण जी ने आगंतुकों, कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।


