Campus Boom.
जमशेदपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सामाजिक सरोकार और मानवता के संदेश से जोड़ते हुए टीम पीएसएफ हल्दीपोखर की समाजसेवी सबीना खातून के घर पहुंची। सबीना खातून ने टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार समेत पूरी टीम को राखी के अवसर पर आमंत्रित किया था।
बहन के घर पहुंचकर राखी बंधवाने को बताया सौभाग्य

सबीना खातून स्वयं जमशेदपुर आकर टीम के सदस्यों को राखी बांधना चाहती थीं। हालांकि, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने स्वयं पूरी टीम के साथ हल्दीपोखर पहुंचकर उनसे राखी बंधवाने का निर्णय लिया। टीम के सदस्यों ने कहा कि जब एक बहन स्नेह और अपनत्व के साथ भाइयों को आमंत्रित कर सकती हैं, तो भाई का भी दायित्व है कि वह बहन के घर पहुंचकर इस पवित्र रिश्ते को सम्मान दे।
समाजसेवा को समर्पित सबीना खातून से मिला आशीर्वाद
टीम पीएसएफ के सदस्यों ने बारी-बारी से सबीना खातून से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सदस्यों की ओर से उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया। टीम ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा में लगातार सक्रिय रहने वाली समाजसेवी के हाथों राखी बंधवाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।
सुख-दुख में साथ खड़े रहने का लिया संकल्प
रक्षाबंधन के इस आयोजन के साथ टीम पीएसएफ ने अपने सामाजिक दायित्व को भी आगे बढ़ाया। कुछ दिन पूर्व हल्दीपोखर निवासी समाजसेवी राजू परवेज के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर टीम उनके स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंची थी। इसके बाद टीम पोटका के वरिष्ठ पत्रकार शंकर गुप्ता के घर भी पहुंची और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। शंकर गुप्ता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं।
मानवता के रिश्ते को मजबूत करने का संदेश
टीम पीएसएफ ने कहा कि सामाजिक रिश्ते केवल पर्व-त्योहारों तक सीमित नहीं होने चाहिए। सुख-दुख की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़ा होना ही मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का वास्तविक अर्थ है। टीम ने संकल्प दोहराया कि जब तक शरीर में सामर्थ्य है, वह जरूरतमंदों और समाजसेवियों के सुख-दुख में अपनी भूमिका निभाती रहेगी।
टीम के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर टीम पीएसएफ के वरिष्ठ सदस्य निखिल मंडल मास्टर, निदेशक अरिजीत सरकार, कुमारेश हाजरा और रवि शंकर मौजूद रहे।


