Campus Boom.
केरला पब्लिक स्कूल, कदमा के यूनेस्को संबद्ध विद्यालय नेटवर्क में शामिल होने पर विद्यालय के निदेशक शरत चंद्रन को शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधिमंडल ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने 25 सितंबर को आयोजित होने वाले देशव्यापी सामूहिक वंदे मातरम् गायन अभियान में केरला समाजम ट्रस्ट के विद्यालयों की सहभागिता का भी आग्रह किया।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों में एक साथ सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस अभियान में देशभर से करीब एक करोड़ लोगों को एक लय, एक समय और एक स्वर में जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। झारखंड प्रांत से करीब चार लाख लोगों के शामिल होने की योजना है।
इसी अभियान के तहत प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा के सचिव अरविंद कुमार सिंह, प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय तथा बिरसानगर के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने शरत चंद्रन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने केरला समाजम ट्रस्ट के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं और अभिभावकों को अभियान में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस सामूहिक गायन के माध्यम से देशभर के लोगों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान को बड़े स्तर पर सफल बनाने के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान केरला पब्लिक स्कूल, कदमा के यूनेस्को संबद्ध विद्यालय नेटवर्क में शामिल होने की उपलब्धि पर निदेशक शरत चंद्रन को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इस उपलब्धि को झारखंड के शैक्षणिक क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।


