Campus Boom.
जमशेदपुर। टाटा स्टील के TA-76 बैच के 180 पूर्व प्रशिक्षु सोमवार को पांच दशक बाद पुरानी स्मृतियों और आत्मीयता के साथ एक मंच पर जुटे। 28 सितंबर 1976 को प्रशिक्षु के रूप में कंपनी से जुड़े इन साथियों ने स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान पुराने दिनों की यादें साझा कीं। समारोह में कई पूर्व प्रशिक्षु सपत्नीक शामिल हुए।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब प्रशिक्षण काल के तीन शिक्षक एल.एन. सिंह, सी.एन. मुखर्जी और मेजर सत्यनारायण अपने पूर्व प्रशिक्षुओं के बीच पहुंचे। पूर्व प्रशिक्षुओं ने शिक्षकों का स्वागत किया और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत श्यामल सुमन के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद सभी साथियों ने सपत्नीक मंच पर अपना संक्षिप्त परिचय दिया। इस दौरान दिवंगत साथियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह में तीनों पूर्व शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अखिलेश पाण्डेय और श्यामल सुमन को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
पुरानी यादों के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम का संचालन श्यामल सुमन ने किया, जबकि प्रेम बिहारी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में विनोद झा, प्रेम बिहारी सिंह, मोहन चौधरी समेत अन्य साथियों का सहयोग रहा।
सामूहिक भोजन और रिटर्न गिफ्ट वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। पांच दशक बाद हुए इस मिलन ने पूर्व प्रशिक्षुओं को अपने प्रशिक्षण काल की यादों और पुराने साथियों के साथ बिताए समय को फिर से साझा करने का अवसर दिया।



