Campus Boom.
बहरागोड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के तहत सोमवार को बहरागोड़ा प्रखंड के टीपीएस, डीएवी पब्लिक स्कूल और प्लस टू उच्च विद्यालय, बहरागोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर एवं अनुमंडल विधिक सेवा समिति, घाटशिला के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, बाल संरक्षण संबंधी कानूनों और सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डालसा की ओर से लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ विदेश सिन्हा और डिप्टी चीफ राजेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी और डायन प्रथा जैसी सामाजिक समस्याओं तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पॉक्सो कानून और बाल अधिकारों पर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित पॉश अधिनियम तथा डालसा के कार्यों और उद्देश्यों के बारे में बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर वे चुप न रहें, बल्कि किसी विश्वसनीय वयस्क, शिक्षक या अभिभावक से सहायता लें और उचित माध्यम से शिकायत करें।
इस दौरान डालसा के टोल फ्री नंबर 15100 और पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी भी दी गई। सभी विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया, ताकि विद्यार्थी अपने अधिकारों को पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त कर सकें।
हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी : विदेश सिन्हा
मौके पर विदेश सिन्हा ने कहा कि सुरक्षित बचपन अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और विद्यालय समुदाय को संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, सम्मान और कानूनी संरक्षण प्राप्त होना चाहिए। बाल संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय, परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
इस जागरूकता अभियान में पीएलवी के रूप में आनंद साव, राजेश प्रहराज, बलिराम हेंब्रम, शंपा रानी, चंपा रानी साव, अनुराग साव, राजा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




