Campus Boom.
साकची हाई स्कूल के 78वें वर्ष और शिक्षक दिवस के अवसर पर साकची हाई स्कूल एलुमनाई एसोसिएशन एवं वर्ष 2002 बैच के पूर्व छात्रों की पहल पर रविवार को स्कूल परिसर में चौथा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 55 रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में अपना योगदान दिया।
वर्ष 2002 बैच के पूर्व छात्र प्रणव सरकार की अगुवाई में आयोजित शिविर को टीम पीएसएफ और जमशेदपुर ब्लड सेंटर ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। वहीं जमशेदपुर अखंड मंडली ने भी आयोजन में सहयोग दिया।
शिविर का उद्घाटन जमशेदपुर न्यायालय के सीजेएम विशाल गौरव, समाजसेवी पूर्वी घोष, तापसी बोस, वरीय अधिवक्ता रत्नेश्वर चक्रवर्ती, एसएस दुवे, आरएन चौबे, प्रणव कुमार घोष, देवाशीष नाहा, देवब्रत पॉल और धर्मेंद्र सोनकर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला। स्कूल परिसर में सुसज्जित एवं सकारात्मक माहौल में स्कूल के सदस्यों ने रक्तदाताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। शाम तक 55 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को जमशेदपुर ब्लड सेंटर, टीम पीएसएफ और साकची हाई स्कूल एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
टीम पीएसएफ को ‘मानव समर्पण सेवा सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए टीम पीएसएफ को ‘मानव समर्पण सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। टीम के सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जैसे अभियानों में संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा समाजसेवी शिवानी घोष, मुक्ति सरकार, अमिताभ पात्रो, शरत चंद्र सारंगी और बोलाई पांडा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और स्वैच्छिक रक्तदान को समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिविर के सफल आयोजन के लिए टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने साकची हाई स्कूल एलुमनाई एसोसिएशन, वर्ष 2002 बैच के पूर्व छात्रों, विद्यालय परिवार, जमशेदपुर ब्लड सेंटर और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही रक्तदान जैसे जनहित के अभियानों को सफल बनाया जा सकता है।
शिविर के माध्यम से आयोजकों ने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने और जरूरतमंद मरीजों की मदद करने की अपील की।


