Campus Boom.
जमशेदपुर। नवरात्रि का पर्व केवल पूजा-पाठ और उत्सव तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने और मानवता की सेवा करने का भी अवसर है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ) की टीम ने शारदीय नवरात्रि के पहले दिन दलमा की तलहटी में बसे कोइरा और वाधाडीह गांवों के 30 सबर परिवारों के बीच नवरात्रि की खुशियां बांटीं। टीम की ओर से प्रत्येक परिवार को नए वस्त्र और 15 प्रकार की खाद्य सामग्री से युक्त एक माह का सूखा राशन प्रदान किया गया।
पिछले 15 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत पीएसएफ ने इस वर्ष भी दुर्गोत्सव को जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया है। नए कपड़े और राशन पाकर सबर परिवारों के चेहरों पर आई खुशी और संतोष ने सेवा अभियान को खास बना दिया।
जरूरतमंदों की सेवा ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना : अरिजीत सरकार
टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि उनका विश्वास है कि मां दुर्गा समाज के उन वंचित, आदिवासी और जरूरतमंद लोगों के बीच भी विराजमान हैं, जिन्हें सहयोग और सम्मान की आवश्यकता है। ऐसे परिवारों के बीच खुशियां बांटना ही मां की सच्ची आराधना है।
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से टीम पीएसएफ दुर्गापूजा को केवल पंडालों और चकाचौंध तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंदों की सेवा के माध्यम से मनाती आ रही है। इन 30 परिवारों के चेहरों पर दिखाई देने वाली मुस्कान ही उनके लिए मां दुर्गा का आशीर्वाद है।
यह सेवा अभियान टीम पीएसएफ के फूलचांद सिंह सरदार और सुभाष साहिस की देखरेख में अन्य सदस्यों के आपसी सहयोग से संपन्न हुआ।
सप्तमी से नवमी तक शहर के 10 जरूरतमंदों की मदद करेगी टीम
पीएसएफ ने बताया कि सेवा का यह अभियान नवरात्रि के दौरान आगे भी जारी रहेगा। सप्तमी से नवमी तक टीम के सदस्य शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर 10 अत्यंत जरूरतमंद लोगों को चिह्नित करेंगे। इनमें रिक्शा चालक, सड़क किनारे अखबार-पत्रिकाएं बेचकर आजीविका चलाने वाले और दिहाड़ी मजदूर शामिल होंगे।
चिह्नित जरूरतमंदों को नए वस्त्र और एक माह का राशन उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों का चयन टीम के सदस्यों और शहर के वरिष्ठ पत्रकारों के परामर्श से किया जाएगा।
इन सदस्यों ने निभाई सहभागिता
इस सेवा अभियान में पीएसएफ के चेयरमैन पुलक कुमार सेनगुप्ता, वरिष्ठ सदस्य निखिल मंडल, दीपक कुमार मित्रा, निदेशक अरिजीत सरकार, उत्तम कुमार गोराई, सौरभ चटर्जी, अनिल प्रसाद, राजेश कुमार पटेल, देवनाथ सिंह और अजित कुमार भगत सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।




