Campus Boom.
भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए एकजुट होकर व्यापक संघर्ष की जरूरत है। यह बात मजदूर नेता एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रघुनाथ पांडेय ने गोलमुरी स्थित भोजपुरी भवन में आयोजित सेमिनार में कही।
संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच एवं सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ‘भोजपुरी भाषा को संवैधानिक मान्यता के संघर्ष : दिशा व दशा’ विषय पर सेमिनार, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के साहित्यकारों, कवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आंदोलनकारियों और भोजपुरी समाज के लोगों ने भाग लिया।
रघुनाथ पांडेय ने कहा कि भोजपुरी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए बड़े आंदोलन की आवश्यकता है। इसके लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
समाजसेवी शिव शंकर सिंह ने कहा कि भोजपुरी समाज की सांस्कृतिक और भाषाई विरासत समृद्ध है। भोजपुरी की गूंज भारत के अलावा कई देशों में सुनाई देती है, लेकिन जिस क्षेत्र से इस भाषा का उद्भव हुआ, वहीं आज भी इसे अपेक्षित सम्मान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी और वे इस अभियान में हरसंभव सहयोग करेंगे।
सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष अरविंद विद्रोही ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन भोजपुरी भाषा के लिए संघर्ष में लगाया है। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में जीवन और रक्त की एक भी बूंद है, भोजपुरी के सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
शिव शंकर सिंह और रघुनाथ पांडेय सम्मानित
कार्यक्रम में समाजसेवी शिव शंकर सिंह को ‘समाज सेवा भूषण सम्मान’ तथा मजदूर नेता रघुनाथ पांडेय को ‘भोजपुरी रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया ने किया। अध्यक्षता अरविंद विद्रोही ने, संचालन डॉ. संध्या सिन्हा ने, स्वागत भाषण शशि भूषण मिश्रा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन मसूद खान ने किया।
इस अवसर पर संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया, भोजपुरी नवचेतना मंच के अध्यक्ष अप्पू तिवारी, डॉ. अजय किशोर चौबे, उदय प्रताप हयात और जगदीश मिश्रा ने भी अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास जारी हैं। कार्यक्रम में टीएसपीडीएल यूनियन के महामंत्री त्रिदेव सिंह, कंचन डे, डॉ. एसके तिवारी, राजेश पांडेय, रंजन दुबे, संजय पाठक सनेही, उमेश सिंह, एसडी पांडेय, संदेश पांडेय, रमेश हंसमुख, राम सूरत यादव सहित बड़ी संख्या में भोजपुरी भाषी उपस्थित रहे।



