Campus Boom.
जमशेदपुर। द कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन की यूनाइटेड क्लब इकाई का चुनाव रविवार, 23 अगस्त 2026 को संपन्न हुआ। चुनाव में राकेश्वर पांडे को पुनः अध्यक्ष चुना गया। वहीं बीके डिंडा को कार्यकारी अध्यक्ष और ददन सिंह को महासचिव पद पर निर्विरोध चुना गया।
निर्विरोध हुआ पदाधिकारियों का चयन
चुनाव पदाधिकारी अंजनी कुमार, सहायक चुनाव पदाधिकारी संजय कुमार सिंह तथा पर्यवेक्षक सुब्रत देव की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। कमेटी मेंबरों के चुनाव में दिनेश कुमार पांडे, राजू सोना, सुभाष जेना और माधव हरपाल ने जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम की घोषणा गुप्त मतदान के माध्यम से की गई।
कर्मचारियों ने जताया राकेश्वर पांडे पर भरोसा
राकेश्वर पांडे के दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कर्मचारियों ने उनसे प्रबंधन के साथ वार्ता कर लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। कर्मचारियों ने जॉब पर जॉब, कर्मचारी वार्ड की बहाली, वरिष्ठ कर्मचारियों के प्रमोशन, क्वार्टर से संबंधित मेंटेनेंस चार्ज तथा बोनस समेत विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कर्मचारियों के हित में काम करने का भरोसा
अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि यूनाइटेड क्लब शहर के प्रतिष्ठित क्लबों में शामिल है और यहां का प्रबंधन टाटा स्टील के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा देखा जाता है। उन्होंने कहा कि क्लब की प्रगति के साथ कर्मचारियों की प्रगति भी जरूरी है। कर्मचारियों को सदस्यों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्लब को और बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कर्मचारियों के जीवन स्तर में सुधार पर जोर
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। क्लब की प्रगति और कर्मचारियों के बेहतर कार्य वातावरण से उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
निष्पक्ष चुनाव के लिए जताया आभार
चुनाव के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए कर्मचारियों ने अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, चुनाव पदाधिकारी, पर्यवेक्षक तथा प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं। अंत में सभा समाप्ति की घोषणा की गई।


