टाटा पिगमेंट्स में सात वर्ष के लिए वेतन समझौता, कर्मचारियों के वेतन में 8,600 से 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी
95 कर्मचारियों को मिलेगा लाभ, अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का एरियर भी मिलेगा; पहली बार ग्रेड स्ट्रक्चर में औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट में 400 प्रतिशत की वृद्धि
जमशेदपुर, 7 सितंबर 2026। टाटा पिगमेंट्स के प्रांगण स्थित इंद्रधनुष भवन में सोमवार को कर्मचारियों के वेतन संशोधन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। नया वेतन समझौता 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक सात वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। समझौते में नए और पुराने दोनों ग्रेड के कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में अधिकतम लगभग 8,600 रुपये से 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक की अवधि का एरियर भी कर्मचारियों के खातों में भेजा जाएगा। इस समझौते से कुल 95 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
एनपीएस और पीएलआर का भी प्रावधान
नए वेतन समझौते में कर्मचारियों के लिए 500 रुपये का एनपीएस कैश अलाउंस भी शामिल किया गया है। इसके अलावा पीएलआर (परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड) योजना लागू की गई है, जिसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 550 रुपये का लाभ मिलेगा। समझौते के अनुसार इस राशि में अप्रैल 2027 में और वृद्धि की जाएगी।
ग्रेड स्ट्रक्चर में 400 प्रतिशत की वृद्धि
समझौते की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट (ग्रेड स्ट्रक्चर) में 400 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। प्रबंधन और यूनियन ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर
समझौते पर प्रबंधन की ओर से टाटा पिगमेंट्स के प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी, मुख्य कारखाना प्रबंधक मानित कुमार, प्लांट हेड के.एम. महाराजा, प्रमुख वित्तीय अधिकारी दिनेश अग्रवाल, मुख्य मानव संसाधन पदाधिकारी अंकिता केविन नटाल, हेड एचआर अतुल कुमार शर्मा, चीफ ऑफ मार्केटिंग एंड सेल्स विजेन पटनायक, फाइनेंस एंड अकाउंट्स से हरेंद्र कुमार राय तथा एचआर ऑफिसर विवेक कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कुलबीर सिंह, सत्यानारायण राव, सह सचिव कमलेश कुमार शर्मा, अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष भुनेश्वर राम एवं पायो ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। प्रबंधन और यूनियन ने आपसी सहयोग एवं बेहतर औद्योगिक संबंधों के साथ आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई।


