Campus Boom.
जमशेदपुर। जन्मजात हृदय दोष और कटे होंठ एवं तालु की समस्या से जूझ रहे बच्चों के लिए जमशेदपुर के छह रोटरी क्लबों ने रविवार को करीम सिटी कॉलेज, साकची में संयुक्त रूप से निःशुल्क मेगा स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया। कैंप में करीब 150 लोगों ने हिस्सा लिया। जांच के दौरान दिल में छेद के 10 और कटे होंठ एवं तालु के 7 मरीज चिन्हित किए गए।
कैंप का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर, स्टील सिटी, डालमा, फेमिना और नेक्स्ट जेन की ओर से प्रोजेक्ट ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ और प्रोजेक्ट ‘मुस्कान’ के तहत किया गया।
कैंप का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. विनिता सिंह, जनरल मैनेजर, मेडिकल सर्विसेज, टाटा स्टील ने किया। उन्होंने रोटरी की पहल की सराहना करते हुए जन्मजात हृदय दोष तथा कटे होंठ एवं तालु की समस्या की समय पर जांच और उपचार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से बच्चों को सामान्य जीवन जीने का अवसर मिल सकता है।
विशिष्ट अतिथि करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज अहमद ने रोटरी के मानवीय प्रकल्प की सराहना की और भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया। कॉलेज की ओर से कैंप के लिए परिसर निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
10 बच्चों को निःशुल्क हृदय सर्जरी के लिए भेजा जाएगा
स्क्रीनिंग के दौरान VSD/ASD यानी दिल में छेद के 10 पक्के मामले सामने आए। रोटरी के अनुसार इन बच्चों को निःशुल्क सर्जरी के लिए कोयंबटूर, नागपुर, मुंबई और हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में भेजा जाएगा। बच्चों के आने-जाने, रहने और ऑपरेशन का खर्च रोटरी द्वारा वहन किया जाएगा।
वहीं, कटे होंठ एवं तालु के 7 मामले चिन्हित किए गए हैं। इन मरीजों की सुधारात्मक सर्जरी कोलकाता स्थित एस.वी.एस. मारवाड़ी हॉस्पिटल में निःशुल्क कराई जाएगी।
दो वर्ष पहले ऑपरेशन करा चुके बच्चे भी पहुंचे
कैंप में दो ऐसे बच्चे भी पहुंचे, जिनकी दो वर्ष पहले इसी अभियान के माध्यम से हृदय सर्जरी कराई गई थी। आयोजकों के अनुसार दोनों बच्चे अब स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं। इन बच्चों की मौजूदगी ने कैंप में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और रोटरी के ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ अभियान के प्रभाव को सामने रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। एमओसी डॉ. रीता झा ने कार्यक्रम का संचालन किया। रोटेरियन गुरप्रीत भाटिया ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि का परिचय रोटरी स्टील सिटी की अध्यक्ष रोटेरियन उमंग झुनझुनवाला ने कराया। अतिथियों को स्मृति चिह्न जोनल हेड रोटेरियन सीमा कुमार और प्रोजेक्ट चेयरपर्सन रोटेरियन दीप्ति सिंह ने प्रदान किए।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बच्चों की जांच रोटरी एवं टाटा मोटर्स अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों, आरोग्यम के चिकित्सा कर्मचारियों तथा सत्य साईं अस्पताल के स्वयंसेवकों की टीम ने की।
कैंप के समन्वय में असिस्टेंट गवर्नर्स रोटेरियन नीता अग्रवाल, प्रमोद दुबे और शिवानी गोयल, जोनल हेड्स सीमा कुमार एवं मधुमिता संत्रा, प्रोजेक्ट चेयर्स अभिजीत मित्रा, दीप्ति सिंह एवं जितेश कुमार (आरोग्यम), इवेंट चेयर अनुपमा सहगल, डॉ. उधम सिंह तथा करीम सिटी कॉलेज रोटरैक्ट क्लब के मॉडरेटर एवं डीआरआरई अमित कुमार की भूमिका रही।
रचनात्मक पोस्टर एवं रील्स के लिए रोटेरियन अंजनी निधि, लॉजिस्टिक्स के लिए डॉ. उधम सिंह तथा मिनरल वाटर उपलब्ध कराने के लिए डीप एंड सन्स के प्रति आभार जताया गया।
कार्यक्रम के अंत में पीपी रोटेरियन नीता अग्रवाल, असिस्टेंट गवर्नर एवं गिफ्ट ऑफ लाइफ व मुस्कान की समन्वयक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


