Campus Boom.
रांची। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची में सोमवार को राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया गया। इसी के साथ संस्थान में 28 सितंबर तक चलने वाले हिंदी पखवाड़ा 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में फिल्म ‘ह्यूमनस इन द लूप’ के लेखक एवं निर्देशक अरण्य सहाय, कार्यकारी निर्माता बीजू टोप्पो और अभिनेता अनुराग लुगुन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. सत्यम ने स्वागत संबोधन में कहा कि भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से कविता, कहानी और किस्से लोगों की स्मृतियों का हिस्सा बनते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल शब्दकोश तक सीमित रखने के बजाय उसे सुनने, देखने और महसूस करने वाली भाषा के रूप में समझने की जरूरत है।
क्षेत्रीय भाषाएं सामाजिक बुद्धिमत्ता को करती हैं विकसित
आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी दिवस को केवल प्रतीकात्मक आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए। भारत की भाषाई विविधता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी के साथ क्षेत्रीय भाषाओं का विकास भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आईआईएम रांची में हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने का उद्देश्य लोगों को भाषाई रूप से समृद्ध और सशक्त बनाना है। इसके साथ ही बहुभाषिकता व्यक्ति की सोशल इंटेलिजेंस को भी विकसित करती है।
एआई के दौर में प्रकृति से जुड़ना जरूरी : अरण्य सहाय
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए 74 मिनट की फिल्म ‘ह्यूमनस इन द लूप’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। आदिवासी परिवेश पर आधारित फिल्म में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में मानवीय संवेदनाओं और ग्रामीण जीवन के विभिन्न पहलुओं को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म के बाद आयोजित परिचर्चा में निर्देशक अरण्य सहाय ने फिल्म निर्माण के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म को पूरा करने में करीब एक वर्ष लगा और इसकी शूटिंग रांची के साधुगढ़ी और जोन्हा क्षेत्र में हुई। उन्होंने कहा कि फिल्म ग्रामीण जीवन और प्रकृति से जुड़कर अपने मूल स्वभाव को समझने की प्रेरणा देती है।
अरण्य सहाय ने कहा कि भाषा लोगों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सेतु है। एआई और तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच भी समय-समय पर प्रकृति से जुड़ना और उससे सीखना जरूरी है।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राध्यापक, शिक्षणेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
15 सितंबर को विजय विक्रम सिंह करेंगे संवाद
हिंदी पखवाड़ा के तहत 15 सितंबर को अभिनेता, कम्युनिकेशन एवं वॉइस कोच, वक्ता और कहानीकार विजय विक्रम सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वह ‘सिनेमा, समयचक्र और हिंदी’ विषय पर अपने विचार साझा करेंगे।



