Campus Boom.
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था युवा—यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन की ओर से ढेंगाम में आदिम जनजाति सबर समुदाय के परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कराड़कोचा, ढेंगाम और लांगो गांव के 50 सबर परिवारों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर परिवारों को अतिरिक्त और स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़ना, आय बढ़ाना तथा पोषण स्तर में सुधार लाना था। प्रतिभागियों को कम लागत में बकरी पालन, मुर्गी पालन और पोषण वाटिका शुरू करने तथा उनके बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी गई।
संस्था के कार्यकर्ता अरूप मंडल ने बकरी एवं मुर्गी पालन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि परिवार अपनी क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार छोटे स्तर से शुरुआत कर सकते हैं। उन्होंने पशुओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान, संतुलित आहार, चारे की व्यवस्था, साफ-सफाई, नियमित टीकाकरण और बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध चारा, पत्तियों और अन्य संसाधनों के इस्तेमाल से पालन की लागत कम करने पर भी जोर दिया गया।
पोषण वाटिका से घर में उपलब्ध होगी ताजी सब्जी
कार्यक्रम में कापरा माझी ने पोषण वाटिका के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने परिवारों को घर के आसपास उपलब्ध खाली जगह में कम लागत पर मौसमी और हरी सब्जियां उगाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि पोषण वाटिका से परिवारों को घर पर ही ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां मिल सकती हैं। इससे बाजार पर निर्भरता और सब्जियों पर होने वाले खर्च को कम करने के साथ भोजन में पोषण एवं विविधता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण में बच्चों और महिलाओं के भोजन में हरी एवं पौष्टिक सब्जियों को शामिल करने के महत्व पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों को समझाया गया कि बकरी एवं मुर्गी पालन से अतिरिक्त आय और पोषण वाटिका से पौष्टिक भोजन प्राप्त कर परिवार अपनी आर्थिक एवं खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सवाल-जवाब सत्र हुआ। परिवारों ने पशुपालन, चारा-दाना, टीकाकरण, बीमारी से बचाव, साफ-सफाई, सब्जियों के चयन, बीज लगाने और पौधों की देखभाल से जुड़े सवाल पूछे। प्रशिक्षकों ने सरल भाषा में उनके सवालों के जवाब दिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संस्था के कार्यकर्ता अरूप मंडल, कापरा माझी, वालंटियर साकरो, द्रौपदी, घासीराम और लता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


