Campus Boom.
सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में सोमवार को हिंदी सप्ताह समारोह का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रयोगशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों की भी संवाहक है। इसके प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक प्रयोग की जिम्मेदारी हम सभी की है।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. घोष चौधुरी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हिंदी ने देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शोध और तकनीकी उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक खोजों और ज्ञान को आमजन तक पहुंचाना भी जरूरी है। इस कार्य में हिंदी प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि संबंधित नियमों के अनुरूप कार्यालय के ज्ञापन, अधिसूचनाएं, सूचनाएं और टेंडर आदि द्विभाषी रूप में जारी किए जाने चाहिए। हिंदी में प्राप्त पत्रों का उत्तर भी हिंदी में देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एनएमएल ‘क’ क्षेत्र में स्थित है, इसलिए राजभाषा संबंधी प्रावधानों के अनुपालन की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो जाती है।
हिंदी सप्ताह में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. अरुण सज्जन ने हिंदी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति और संस्कारों की परिचायक है। उन्होंने कहा कि हिंदी की सरलता और सहजता के कारण तकनीकी एवं वैज्ञानिक विषयों को भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने वैश्विक व्यापार और संचार में भी हिंदी की उपयोगिता पर जोर दिया।
प्रयोगशाला की हिंदी अधिकारी डॉ. रानू वर्मा ने हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 14 से 22 सितंबर 2026 तक एनएमएल परिसर में हिंदी सप्ताह समारोह विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रयोगशाला के प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने अतिथियों एवं उपस्थित कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से हिंदी सप्ताह के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की।


