Campus Boom.
द यूनाइटेड क्लब, जमशेदपुर के कर्मचारियों के लिए वार्षिक बोनस 2025-26 को लेकर प्रबंधन और कैंटीन, होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच गुरुवार को समझौता हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को कुल 18.7 प्रतिशत बोनस मिलेगा। बोनस की राशि का भुगतान 25 सितंबर 2026 तक करने पर सहमति बनी है।
समझौते के अनुसार, यूनाइटेड क्लब में वर्ष 2025-26 के दौरान कम से कम 30 दिन या उससे अधिक काम करने वाले स्थायी कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा। कर्मचारियों को 13.7 प्रतिशत बोनस तथा 5 प्रतिशत एक्स-ग्रेशिया के रूप में राशि मिलेगी। बोनस की गणना वास्तविक वेतन में बेसिक और डीए के आधार पर की जाएगी।
समझौते के तहत कर्मचारी को मिलने वाली अधिकतम बोनस राशि ₹62,579 और न्यूनतम ₹31,112 निर्धारित की गई है।
अगले वर्ष से प्रदर्शन आधारित बोनस पर चर्चा
समझौते में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्लब के राजस्व में और वृद्धि तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कर्मचारियों को आगे और प्रयास करने होंगे। अगले वर्ष से बोनस को क्लब के परिचालन राजस्व और ग्राहक संख्या में कमी-बढ़ोतरी जैसे मानकों से जोड़ने पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए उपयुक्त व्यवस्था बाद में प्रबंधन और यूनियन के बीच आपसी सहमति से तय की जाएगी।
समझौते पर प्रबंधन की ओर से यूनाइटेड क्लब के अध्यक्ष प्रोबल घोष तथा यूनियन की ओर से कैंटीन, होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से जया सिंह पांडा, वेद प्रकाश ठाकुर, रंजन कुमार सिंह, अभिनव कुमार, शेखर कुमार, मानसवी दुआ राय, मोहम्मद परवेज, सुमित कुमार सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। यूनियन की ओर से बीके दिंदा, दादान सिंह, माधव हरपाल, राजू सोना, दिनेश कुमार पांडेय और सुभाष जना सहित अन्य प्रतिनिधियों ने समझौते में भाग लिया।


