अजय मुस्कान।
“हिंदी : जो कही नहीं गई..!!”
हिंदी—
किसी व्याकरण की सीमा नहीं,
वह मौन के भीतर
अर्थ का पहला स्पंदन है;
माँ की पुकार से निकलकर
जन-मन की धड़कन तक
पहुँचती हुई एक जीवित चेतना।
यह केवल बोलती नहीं,
भूख की खामोशी सुनती है,
श्रम की थकान समझती है,
आँखों में ठहरे आँसू को
शब्द देती है;
और दो अनजान मनुष्यों के बीच
एक अदृश्य सेतु बन जाती है।
इसमें गाँव की स्मृति है,
नगर की बेचैनी है,
लोक की सहजता और
समय की जटिलता है,
यह भिन्नताओं को मिटाती नहीं-
उनके बीच संवाद रचकर
साथ रहने का अर्थ सिखाती है।
हम हिंदी बोलते नहीं-
कभी-कभी
हिंदी हमारे भीतर बोलती है,
वह केवल हमारा परिचय नहीं,
हमारे समाज का आईना भी है,
जिसमें शब्दों से अधिक
मनुष्य दिखाई देता है।
और शायद इसी कारण
जब अंतिम अक्षर भी
मौन में उतर जाता है,
तो भीतर कोई द्वार
बिना खुले ही खुल जाता है।
उस पार न कोई भाषा है,
न कोई नाम-
केवल एक अनाम उजास,
जो पूछता है-
तुमने शब्द तो बहुत कहे,
क्या मनुष्य को भी समझा?
मैं उत्तर खोजता हूँ…
और तभी
मेरे भीतर की हिंदी
बहुत धीमे से
मेरा नाम नहीं-
मेरा अर्थ लिखती है..!!

