Campus Boom.
जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में बीएड सत्र 2024-26 के संचालन में हो रही देरी को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने चिंता जताई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने विश्वविद्यालय की कुलपति को पत्र भेजकर छात्राओं का एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने से बचाने के लिए विशेष पहल करने की मांग की है।
कांग्रेस के अनुसार बीएड सत्र 2024-26 जुलाई 2026 तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक तीसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हुआ है। वहीं चौथे सेमेस्टर की परीक्षा और उसका परिणाम भी लंबित है। पार्टी का कहना है कि इस देरी का सीधा असर उन विद्यार्थियों पर पड़ेगा, जो बीएड के बाद स्नातकोत्तर की पढ़ाई करना चाहते हैं।
पूर्व कोल्हान प्रभारी हरि राम टुडू ने कहा कि बीएड की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पीजी में नामांकन के लिए अगले सत्र तक इंतजार करना पड़ सकता है। इससे जुलाई 2026 से जुलाई 2027 तक का एक वर्ष प्रभावित होगा, जबकि इसमें विद्यार्थियों की कोई गलती नहीं है।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें
जिला कांग्रेस ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
पहली, बीएड सत्र 2024-26 के तीसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी किया जाए तथा चौथे सेमेस्टर की परीक्षा और परिणाम के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।
दूसरी, बीएड का परिणाम जारी होने के बाद प्रभावित विद्यार्थियों को महिला विश्वविद्यालय में दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में विशेष रूप से नामांकन का अवसर दिया जाए। इसके लिए चांसलर पोर्टल खोलने तथा उन्हें पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन देने की मांग की गई है।
तीसरी, पूर्व में तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके विद्यार्थियों के लिए अगले सत्र में भी दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में नामांकन का विकल्प जारी रखने की मांग की गई है।
जिला कांग्रेस ने कहा कि समय पर निर्णय होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष बचाया जा सकता है। पत्र की प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।
इस अवसर पर हरि राम टुडू, कौशल प्रधान, नलिनी सिन्हा, सचिन सिंह, गुरमीत सिंह, अरिल सिंकु, रणजीत झा सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


