Campus Boom.
जमशेदपुर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (TSZP) में बाघिन सुनैना ने तीन शावकों को जन्म दिया है। 23 सितंबर 2026 की सुबह जन्मे इन शावकों में दो मादा और एक नर हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन ने तीनों शावकों की शुरुआती देखभाल और स्वास्थ्य निगरानी के बाद इसकी जानकारी साझा की है। साथ ही, तीनों शावकों के नामकरण के लिए आम लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार, इन शावकों के पिता का नाम रुद्र है। उसे नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था। तीन नए सदस्यों के आने से चिड़ियाघर में खुशी का माहौल है।
एक शावक को लगी चोट, डॉक्टरों की निगरानी में उपचार
पहली बार मां बनी बाघिन सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को चोट लग गई थी। चिड़ियाघर के पशु चिकित्सकों ने तत्काल उपचार करते हुए घाव पर टांके लगाए। इसके बाद शावक की स्थिति में सुधार हुआ है। फिलहाल उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है। वह खतरे से बाहर है, हालांकि चिकित्सकों की टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।
वहीं, अन्य दोनों शावक स्वस्थ हैं। नर शावक का वजन लगभग 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन करीब 2.53 किलोग्राम है।
तीनों शावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिड़ियाघर प्रबंधन विशेष सावधानी बरत रहा है। पशु चिकित्सकों की निगरानी के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
तीनों शावकों के नाम सुझाने की अपील
बाघ परिवार के नए सदस्यों के आगमन को खास बनाने और शहरवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने नामकरण प्रतियोगिता आयोजित की है। इसके तहत लोगों से तीनों शावकों के लिए एक-एक नाम सुझाने की अपील की गई है।
इच्छुक लोग अपने सुझाव WhatsApp या मैसेज के माध्यम से +91 9438291637 पर भेज सकते हैं। नामों के चयन के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन की ओर से गठित टीम प्राप्त सुझावों में से तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन करेगी।
चयनित विजेताओं को चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
नाम भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
चिड़ियाघर प्रबंधन को उम्मीद है कि जमशेदपुर के लोग इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरवासियों को बाघ परिवार के नए सदस्यों के नामकरण से जुड़ने के साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी भागीदारी प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।



