Campus Boom.
जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (टाकू), चाईबासा की वार्षिक आमसभा रविवार को अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज, जमशेदपुर में संघ के अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। आमसभा में लंबित प्रोन्नति, वेतन निर्धारण, भविष्य निधि, परीक्षा पारिश्रमिक और विषयों के पुनर्संरचना समेत कई प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।
आय-व्यय का प्रतिवेदन हुआ अनुमोदित
कार्यक्रम की शुरुआत एबीएम कॉलेज के वाणिज्य विभाग के वरीय शिक्षक डॉ. जेपी नारायण और टाकू के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। उपस्थित सदस्यों का स्वागत टाकू के सचिव डॉ. दीपंजय श्रीवास्तव ने किया। महासचिव डॉ. अशोक कुमार रवानी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय एवं अंकेक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे चर्चा के बाद आमसभा ने अनुमोदित कर दिया।
प्रोन्नति और वेतन निर्धारण में देरी पर नाराजगी
आमसभा ने शिक्षकों के प्रोन्नति और वेतन निर्धारण में हो रहे विलंब पर गंभीर चिंता जताई। संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलाधिपति और राज्य सरकार से लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग करने का निर्णय लिया। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की जाएगी।
2020 के बाद नियुक्त शिक्षकों की प्रोन्नति जल्द करने की मांग
वर्ष 2020 एवं उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बावजूद प्रोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। टाकू ने पात्र शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया नियमानुसार शीघ्र शुरू कर पूरी करने की मांग की। संघ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर यह मामला राज्य सरकार तक भी पहुंचाया जाएगा।
राष्ट्रीय संगोष्ठी और शोध पत्रिका का होगा प्रकाशन
उच्च शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए टाकू की ओर से राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी आयोजित करने और गुणवत्तापूर्ण शोध पत्रिका प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए डॉ. विनय कुमार गुप्ता को संयोजक मनोनीत किया गया। जल्द ही समिति गठित कर आयोजन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जीपीएफ में बदलाव की मांग को मिला समर्थन
आमसभा ने शिक्षकों के वर्तमान भविष्य निधि को सामान्य भविष्य निधि यानी जीपीएफ में परिवर्तित करने की मांग का समर्थन किया। संघ इस मुद्दे को राज्य सरकार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलाधिपति के समक्ष रखेगा। टाकू ने समानता और न्याय के आधार पर व्यवस्था लागू करने की मांग करने का निर्णय लिया।
दर्शनशास्त्र समेत कई विषय हटाने पर जताई चिंता
महाविद्यालयों में पुनर्संरचना के आधार पर दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, बांग्ला और उड़िया जैसे विषयों को हटाए जाने के निर्णय पर भी आमसभा ने चिंता जताई। संघ का कहना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा, बहुविषयक शिक्षा, स्थानीय भाषाओं और क्षेत्रीय ज्ञान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। ऐसे में विषय समाप्त करने के बजाय उन्हें मजबूत करने की दिशा में पहल होनी चाहिए।
परीक्षा खर्च और मूल्यांकन पारिश्रमिक समय पर देने की मांग
परीक्षा केंद्र व्यय, मूल्यांकन पारिश्रमिक और अन्य परीक्षा संबंधी देय राशि के भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया गया। टाकू ने मांग की कि परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा केंद्रों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाए तथा मूल्यांकन और अन्य पारिश्रमिक का भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए।
माह के पहले सप्ताह में वेतन भुगतान पर जोर
डॉ. अनिल चंद्र पाठक के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। संघ विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ वार्ता कर नियमित और समयबद्ध वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था बनाने का प्रयास करेगा।
शिक्षकों पर दर्ज एफआईआर की समीक्षा की मांग
डॉ. मनोज कुमार महापात्र एवं अन्य शिक्षकों के विरुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा दर्ज एफआईआर के मामले पर भी आमसभा ने चिंता जताई। टाकू संबंधित मामले के तथ्यों का अध्ययन कर शिक्षकों का पक्ष सक्षम प्राधिकारों के समक्ष रखेगा। संघ ने कहा कि यदि शिक्षकों के साथ अन्याय हुआ है तो एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा और आवश्यक राहत के लिए वैधानिक एवं लोकतांत्रिक पहल की जाएगी।
लंबी प्रतिनियुक्ति की समीक्षा की मांग
डॉ. राजेश कुमार की दस वर्ष से अधिक समय से चली आ रही प्रतिनियुक्ति का मामला भी बैठक में उठा। टाकू ने विश्वविद्यालय प्रशासन से प्रतिनियुक्ति की अवधि, नियमों और परिस्थितियों की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह करने का निर्णय लिया।
टाकू के पंजीकरण की प्रक्रिया होगी शुरू
आमसभा ने कोल्हान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के विधिवत पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया। आवश्यक दस्तावेज तैयार करने और संबंधित विभाग अथवा प्राधिकरण के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने के लिए महासचिव को अधिकृत किया गया।
संगठन मजबूत करने का आह्वान
वित्तीय वर्ष 2026-27 के सदस्यता शुल्क पर भी चर्चा हुई। संघ की नियमित गतिविधियों और शिक्षक हित से जुड़े कार्यक्रमों के संचालन के लिए निर्धारित सदस्यता शुल्क समय पर जमा करने पर सहमति बनी। सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित सदस्यता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
शिक्षकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प
आमसभा में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि टाकू शिक्षकों के सम्मान, अधिकार, सेवा सुरक्षा, प्रोन्नति, वेतन, भविष्य निधि और अन्य सेवा संबंधी मामलों के साथ उच्च शिक्षा की गुणवत्ता एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक स्वायत्तता के लिए लगातार प्रयास करेगा। संघ ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े मामलों का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान
इस अवसर पर झारखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जुटान) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार रवानी, प्रकाशन सचिव डॉ. विनय कुमार गुप्ता एवं संयुक्त सचिव डॉ. स्वाति सोरेन को पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कई महाविद्यालयों के शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल चंद्र पाठक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्ञानती कुमारी प्रसाद ने किया। आमसभा में डॉ. मनोज कुमार महापात्र, डॉ. जेपी नारायण, प्रो. मुश्ताक अहमद, डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. दीपंजय श्रीवास्तव, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. संगीता बिरुआ, डॉ. अनुभा जायसवाल, डॉ. दिलचंद राम, डॉ. संदीप चंद्रा, डॉ. अशोक कुमार रवानी, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. दुर्गा तामसोय, प्रो. विकास मुंडा, प्रो. इंदल पासवान, डॉ. अनिल चंद्र पाठक, डॉ. पास्कल बेक, डॉ. मनोज कुमार साव, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. भारती कुमारी और डॉ. स्वाति सोरेन समेत विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।


