Campus Boom.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में पहली बार इंजीनियर्स डे का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. इला कुमार के निर्देशन में बीसीए विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. इला कुमार ने की।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. रितेश कुमार ठाकुर ने स्वागत संबोधन दिया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. इला कुमार ने कहा कि इंजीनियर्स डे केवल एक दिन मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इंजीनियरिंग की सोच और समस्या-समाधान की प्रवृत्ति हमारी दैनिक गतिविधियों का हिस्सा बननी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं के समग्र विकास के लिए IQ (Intelligence Quotient) के साथ SQ (Spiritual Quotient) विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जहां IQ व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता और तार्किक सोच को दर्शाता है, वहीं SQ आंतरिक मूल्यों, जीवन के उद्देश्य, नैतिक सोच और संतुलित दृष्टिकोण के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी ज्ञान और कौशल को मानवीय मूल्यों एवं आध्यात्मिक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
नवाचार और व्यावहारिक समाधान पर जोर
मुख्य अतिथि एनआईटी जमशेदपुर के डॉ. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इंजीनियरिंग का उद्देश्य नवाचार, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक समस्याओं का प्रभावी समाधान होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से लगातार सीखते रहने, रचनात्मक सोच विकसित करने और समाज के विकास के लिए तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन बीसीए की छात्रा मरियम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रा दीप्ति ने दिया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, भौतिकी विभागाध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अन्नपूर्णा झा, हिंदी विभाग से डॉ. नूपुर अन्विता मिंज, डॉ. पुष्पा कुमारी सहित विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।


