Campus Boom.
बैजनाथ मिश्रा बोले-एआई वही लौटाता है, जो मनुष्य पहले दे चुका है; राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित संताली फिल्म ‘आँगेन’ की हुई विशेष स्क्रीनिंग
जमशेदपुर। साहित्य कला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय साहित्यिक महाकुंभ ‘छाप 3.0’ का शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित होटल एल्कोर में भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन किताबों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की प्रासंगिकता, साहित्य में तकनीक की भूमिका, आदिवासी साहित्य में स्त्री की भागीदारी, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और सिनेमा जैसे विषयों पर साहित्यकारों, पत्रकारों एवं विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
एआई के दौर में भी कायम रहेगा लेखक का अस्तित्व
झारखंड के पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन सत्र में ‘एआई के दौर में किताबों का भविष्य’ विषय पर परिचर्चा हुई। मुख्य अतिथि केरल के कोच्चि से आईं प्रो. के. वनजा ने कहा कि कोई भी तकनीक लेखक के अस्तित्व को समाप्त नहीं कर सकती। इसलिए एआई से डरने की जरूरत नहीं है। किताबों के स्पर्श और गंध से पाठक एक विशेष दुनिया में पहुंच जाता है। यह अनुभूति एआई या डिजिटल स्क्रीन कभी नहीं दे सकती।
आलोचक राकेश बिहारी ने कहा कि एआई ने लोगों को शक्की बना दिया है। अब लोग अपने लिखे पर भी संदेह करने लगे हैं। हालांकि, मनुष्य जिस तरह जीवन को अनुभव करता है, उस अनुभूति को एआई महसूस नहीं कर सकता।
कथाकार पंकज मित्र ने कहा कि मानव इतिहास में पहली बार ऐसी तकनीक आई है, जिसने मानव मस्तिष्क को चुरा लिया है।
अध्यक्षीय वक्तव्य में बैजनाथ मिश्रा ने कहा कि एआई जेनरेटर है, जबकि मनुष्य क्रिएटर है। एआई हमें वही देता या लौटाता है, जो मनुष्य पहले दे चुका है।
संताली फिल्म ‘आँगेन’ की विशेष स्क्रीनिंग
कार्यक्रम के दौरान निर्देशन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित संताली फिल्म ‘आँगेन’ की विशेष स्क्रीनिंग हुई। फिल्म के प्रदर्शन के बाद फिल्म विशेषज्ञ डॉ. विजय शर्मा ने संताली सिनेमा और फिल्मकार रवि की सृजन यात्रा पर प्रकाश डाला।
इससे पहले डॉ. विजय शर्मा की पुस्तक ‘नोबेल साहित्य व सिनेमा’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया।
आदिवासी साहित्य में स्त्री की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम के एक अन्य सत्र में पद्मश्री दमयंती बेसरा और साहित्यकार निर्मला पुतुल ने आदिवासी साहित्य में स्त्री की भूमिका पर विचार साझा किए। इस परिचर्चा का संचालन भादो माझी ने किया।
वहीं, लेखक एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी प्रशांत आनंद की पुस्तक ‘राजकौशल’ पर मुन्ना कुमार पांडेय ने उनसे संवाद किया। पुस्तक में 19 भारतीय राजाओं की कहानियां शामिल हैं।
एआई युग में खबरों की विश्वसनीयता पर मंथन
‘एआई युग में खबरें : विश्वसनीयता के संकट’ विषय पर आयोजित परिचर्चा में हिंदुस्तान के संपादक गणेश मेहता, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप सिंह और चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय ने भाग लिया। उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल ने संवाद का संचालन किया। चर्चा में एआई के दौर में समाचारों की विश्वसनीयता और पत्रकारिता के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर विचार रखे गए।
पुस्तकों पर चर्चा से किस्सागोई तक सजा साहित्यिक मंच
लेखक एवं फिल्मकार विमलचंद्र पांडेय की पुस्तक ‘गुलअब्बास’ के रचनाकर्म और मर्म पर रश्मि शर्मा ने उनसे बातचीत की। इस दौरान श्रोताओं को उपन्यास की विशेषताओं से परिचित होने का अवसर मिला।
यात्रा-वृत्तांत ‘गल्प-बेहयाई के 72 दिन’ के लेखक प्रमोद सिंह से काशी विद्यापीठ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने संवाद किया।
पहले दिन का अंतिम कार्यक्रम हिमांशु बाजपेई की किस्सागोई रहा। उन्होंने काकोरी कांड से जुड़े प्रसंगों और शहादत की कहानियों के माध्यम से श्रोताओं को भावुक कर दिया। उनके कथन ने सभागार में मौजूद लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान और संघर्ष की याद दिलाई।
इस तरह ‘छाप 3.0’ के पहले दिन साहित्य, तकनीक, पत्रकारिता, सिनेमा और इतिहास के विविध पहलुओं पर गंभीर विमर्श हुआ। आयोजन ने किताबों की प्रासंगिकता और बदलते तकनीकी दौर में मानवीय रचनात्मकता की भूमिका पर महत्वपूर्ण सवाल सामने रखे।





