Campus Boom.
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर में ‘महिला शिक्षा और संस्कार : परंपरा, परिवर्तन और भविष्य-दृष्टि’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का बुधवार को शुभारंभ हुआ। 9 और 10 सितंबर को आयोजित संगोष्ठी में महिला शिक्षा, नेतृत्व, भारतीय दृष्टि, सामाजिक परिवर्तन तथा ऐतिहासिक एवं समकालीन संदर्भों पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विचार साझा किए।
उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. शीतल कुमारी ने किया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया।
कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति एवं कार्यक्रम संयोजिका डॉ. शुक्ला महंती, महिला कार्य की राष्ट्रीय संयोजिका शोभा पाठक, एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा तथा शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलाधिपति प्रो. पंकज मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन एनआईटी जमशेदपुर के कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी ने किया।
शिक्षा और अवसर से मजबूत होगा महिला नेतृत्व
एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि विकसित और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाओं को समान अवसर देने के साथ नेतृत्व के लिए शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान मिला है। आज जरूरत है कि परंपरा को आधुनिक शिक्षा, विज्ञान-तकनीक और नेतृत्व क्षमता के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रो. सूत्रधार ने कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी लेने, निर्णय करने, लोगों को साथ लेकर चलने और सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता है। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जनजातीय महिलाओं में नेतृत्व की अपार क्षमता : आशा लकड़ा
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय महिलाओं में नेतृत्व की अपार क्षमता है। उनकी प्रतिभा, परंपरागत ज्ञान और अनुभव को उचित अवसर और मंच देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज में महिलाएं परिवार, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और सामुदायिक जीवन की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय ज्ञान के संरक्षण में भी उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने जनजातीय महिलाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और तकनीकी ज्ञान के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
डॉ. लकड़ा ने कहा कि शिक्षा महिलाओं को अपने अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों और उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक बनाती है। जनजातीय महिलाओं की आवाज को विकास की मुख्यधारा में उचित स्थान देने के साथ उनकी संस्कृति, परंपरा और पहचान का संरक्षण भी जरूरी है।
चार तकनीकी सत्रों में महिला शिक्षा के विविध आयामों पर चर्चा
संगोष्ठी के पहले दिन पहले तकनीकी सत्र में ‘21वीं सदी की महिला शिक्षा : संस्कार, मूल्य और सामाजिक परिवर्तन’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें शिक्षा, संस्कार, मूल्यबोध और सामाजिक परिवर्तन के संबंधों पर विचार रखे गए।
दूसरे सत्र का विषय ‘महिला शिक्षा : परंपरा, आधुनिकता और पाठ्यक्रम की भारतीय दृष्टि’ रहा। इसमें भारतीय दृष्टिकोण के संदर्भ में महिला शिक्षा, परंपरा और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के बीच समन्वय पर चर्चा हुई।
संगोष्ठी के दूसरे दिन ‘महिला शिक्षा : ऐतिहासिक, सामाजिक परिप्रेक्ष्य और भारतीय पाठ्यक्रम की दृष्टि’ तथा ‘समकालीन चुनौतियां और समाधान’ विषयों पर तीसरे और चौथे तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। समापन सत्र में संगोष्ठी के निष्कर्षों और प्रमुख सुझावों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार संगोष्ठी का उद्देश्य महिला शिक्षा को केवल शैक्षणिक उपलब्धि तक सीमित न रखते हुए उसे संस्कार, मूल्य, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़कर व्यापक दृष्टिकोण विकसित करना है। कार्यक्रम की जानकारी संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. रत्नेश कुमार मिश्रा ने दी।


