Campus Boom.
झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत@2047’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. (प्रो.) इला कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के तहत एनएसएस स्वयंसेवकों ने परिसर में जागरूकता रैली निकालकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
स्वयंसेवकों ने शपथ ली कि “विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने के लिए हम न तो स्वयं किसी प्रकार का नशा करेंगे और न ही किसी अन्य व्यक्ति को नशा करने के लिए प्रेरित होने देंगे। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस समन्वयक डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. छगनलाल अग्रवाल, डॉ. गोपाल चक्रवर्ती, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. प्रभात कुमार महतो एवं आर. तेजा सहित एनएसएस के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


