Campus Boom.
जमशेदपुर। सावन की हरियाली और उल्लास के बीच नव उमंग महिला मंडल, गोल पहाड़ी की ओर से परसुडीह स्थित गौरी भवन में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नृत्य, गीत एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से समारोह में रंग भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत सदस्य श्वेता जैन, मुख्य अतिथि अरुणा एक्का एवं विशेष अतिथि डॉ. कविता परमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने महिलाओं को एकजुट होकर आगे बढ़ने तथा सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
डांस और रैंप वॉक बना आकर्षण
सावन महोत्सव के दौरान डांस, रैंप वॉक, गेम और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सहित कई मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायकों ने भी महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रेरणादायक विचार साझा किए। सावन की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक एवं आधुनिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिलाओं में बढ़ता आत्मविश्वास
मंडल की अध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, एकता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में श्वेता प्रसाद, सीमा साहू, अर्चना दास महापात्रा, लकी सरकार, पॉली कुशारी, माला कुंडू, ज्योति, राखी पालित, अंजलि तिवारी, अंजू, संजू, रानी, पूजा, सोनी देवी, चंदप्रभा देवी, नीलम साहू, रूबी देवी, रुमा कुशारी, शिल्पी बनर्जी, श्रेया कुमारी, नंदनी, मुस्कान, प्रियांक कुमारी, अम्बा साहू, उमा सिंह, अरमान साहू सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नव उमंग महिला मंडल की सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह हंसी-खुशी और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।


