Campus Boom.
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा के प्रांगण में शनिवार को विभाग स्तरीय ‘समिति सदस्य सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन की भावी रणनीतियों, नई कार्ययोजनाओं, नीति निर्धारण तथा विद्यालयों के समग्र विकास को लेकर व्यापक विचार-विमर्श करना था। इसमें जमशेदपुर विभाग के अंतर्गत संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों की प्रबंधकारिणी समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या विकास समिति, झारखंड के संगठन मंत्री ख्याली राम, सचिव नकुल कुमार शर्मा तथा स्थानीय विद्यालय की अध्यक्षा सह जिला परिषद सदस्य कविता परमार ने भारत माता, ॐ एवं मां सरस्वती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए नकुल कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालय के भैया-बहनों के साथ समिति सदस्यों का जुड़ाव परिवार के सदस्य जैसा होना चाहिए। वहीं ख्याली राम ने भारतीयता के संस्कारों को सर्वोपरि रखते हुए नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के वर्ष में दो बार चिकित्सकीय स्वास्थ्य परीक्षण कराने, उनका स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा कौशल विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान आगामी वर्ष की रणनीतिक कार्ययोजना, पिछले सत्र की उपलब्धियों एवं चुनौतियों की समीक्षा, कार्यप्रणाली में डिजिटल तकनीकों के उपयोग तथा समिति सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन समिति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और नवीन विचार संगठन को नई दिशा देंगे तथा संस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सशक्त बनाने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर जमशेदपुर विभाग प्रमुख तुलसी प्रसाद ठाकुर, सह-प्रमुख ब्रेन टुडू, विद्यालय के संरक्षक सुधांशु पति, कोषाध्यक्ष विमल कुमार यादव, अभिभावक प्रतिनिधि बिपिन तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों की प्रबंधकारिणी समितियों के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में तुलसी प्रसाद ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।


