Campus Boom.
जमशेदपुर। सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर में जिज्ञासा कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लू बेल्स इंग्लिश स्कूल के कक्षा 10वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसमें कुल 107 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 51 छात्राएं और 56 छात्र शामिल थे। विद्यार्थियों के साथ पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जिज्ञासा विकसित करना तथा उन्हें खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे अनुसंधान और नवाचार से परिचित कराना था।
अनुसंधान को व्यावहारिक उपयोग से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने औद्योगिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान को व्यावहारिक अनुप्रयोगों में बदलने में प्रयोगशाला की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने और वास्तविक औद्योगिक चुनौतियों के समाधान में अनुसंधान के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वैज्ञानिक-जी एवं आईएमडीसी (IMDC) के प्रमुख डॉ. के. गोपाल कृष्णा ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने दैनिक जीवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की उपयोगिता पर व्याख्यान देते हुए व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि वैज्ञानिक सिद्धांत और नवाचार किस प्रकार जीवन को बेहतर बनाने तथा औद्योगिक विकास को गति देने में योगदान देते हैं।
सीएसआईआर की अनुसंधान गतिविधियों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक-ई डॉ. अनिमेष जाना ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) और देशभर में फैली इसकी प्रयोगशालाओं के नेटवर्क की जानकारी दी। उन्होंने सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं में चल रही अनुसंधान गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही, सीएसआईआर-एनएमएल में किए जा रहे शोध कार्यों और विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से किया संवाद
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों का वैज्ञानिकों के साथ संवाद और सीएसआईआर-एनएमएल की विभिन्न प्रयोगशालाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं का भ्रमण रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की कार्यप्रणाली को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला।
इसके बाद डॉ. के. गोपाल कृष्णा के नेतृत्व में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी वैज्ञानिक जानकारी एवं समझ का प्रदर्शन किया।
विज्ञान और नवाचार के प्रति बढ़ी रुचि
विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने तथा कक्षा-कक्ष से बाहर निकलकर अनुसंधान गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के अवसर की सराहना की। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम ने युवा प्रतिभागियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


